Bihar News : उत्पाद विभाग की टीम ने कुख्यात शराब माफिया मुकेश राय को किया गिरफ्तार, 5 लाख की शराब और दो कारें किया जब्त

Bihar News : मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. जहाँ टीम ने कुख्यात शराब माफिया मुकेश राय को गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे

कुख्यात मुकेश राय गिरफ्तार - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस और मद्य निषेध विभाग का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी क्रम में पटना मद्य निषेध इकाई से मिली गुप्त सूचना के आधार पर मुजफ्फरपुर की अहियापुर थाना पुलिस ने राघोपुर इलाके में छापेमारी कर क्षेत्र के बड़े शराब माफिया मुकेश कुमार राय को धर दबोचा। पुलिस ने मौके से करीब 5 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब और दो लग्जरी गाड़ियां भी जब्त की हैं।

डिलीवरी की तैयारी में था माफिया, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

नगर पुलिस अधीक्षक (SDPO) विनीता सिन्हा ने बताया कि सूचना मिली थी कि माफिया मुकेश राय अपने गुर्गों के साथ राघोपुर में शराब की एक बड़ी खेप की डिलीवरी करने के लिए निकलने वाला है। त्वरित कार्रवाई करते हुए अहियापुर थाने की पुलिस ने दलबल के साथ इलाके की घेराबंदी कर दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मुकेश राय को गिरफ्तार कर लिया और मौके से 54 कार्टन शराब बरामद की।

दो लग्जरी वाहन जब्त, अन्य साथी फरार

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान शराब तस्करी में इस्तेमाल की जाने वाली एक स्कॉर्पियो और एक ऑल्टो कार को भी जब्त किया है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही मुकेश राय के कई सहयोगी मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस फरार अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

उत्पाद विभाग के रडार पर था मुकेश राय

बता दें कि मुकेश कुमार राय इलाके का पुराना शराब कारोबारी है। इससे पूर्व भी उत्पाद विभाग की टीम ने उसके ठिकानों पर दो बार छापेमारी कर लाखों रुपये की शराब बरामद की थी। तब से ही वह विभाग के रडार पर था और पुलिस को उसकी तलाश थी। इस गिरफ्तारी को अहियापुर और आसपास के इलाकों में अवैध शराब कारोबार के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

मणिभूषण की रिपोर्ट