Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में निजी स्कूल पर फायरिंग और ₹50 लाख की रंगदारी का मामला, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में निजी स्कूल पर ताबड़तोड़ फायरिंग और 50 लाख की रंगदारी मामले मे पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ़्तार किया है. वहीँ अन्य की तलाश जारी है.....पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : जिले के कांटी थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल पर दिनदहाड़े हुई अंधाधुंध फायरिंग और ₹50 लाख की रंगदारी मांगने के हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
13 सितंबर को स्कूल पर की गई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
गौरतलब है कि बीते 13 सितंबर को कांटी स्थित 'चंद्रशील विद्यापीठ' स्कूल परिसर पर बेखौफ अपराधियों द्वारा कई राउंड फायरिंग की गई थी। दहशत फैलाने की नीयत से अंजाम दी गई इस वारदात के बाद अपराधियों ने स्कूल की दीवार पर ₹50 लाख की रंगदारी मांगने का एक पर्चा भी चिपकाया था। इस दुस्साहसिक घटना के बाद इलाके के शिक्षाविदों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त था।
ग्रामीण एसपी ने बनाई थी एसआईटी और DIU की विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर के निर्देशन में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया, जिसमें जिला सूचना इकाई (DIU) को भी शामिल किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी अनुसंधान और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल सभी अपराधियों की सटीक पहचान कर ली।
तुर्की से धराया आरोपी अमन रंजन, बुलेट और मोबाइल जब्त
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तुर्की क्षेत्र के रहने वाले आरोपी अमन रंजन को धर दबोचा। पुलिस पूछताछ में उसकी संलिप्तता की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात के वक्त इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल और घटना से जुड़ा मोबाइल फोन भी बरामद कर जब्त कर लिया है।
अन्य आरोपियों की पहचान स्पष्ट, छापेमारी जारी
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि गिरोह के बाकी सदस्यों और मुख्य साजिशकर्ताओं की पहचान पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है। पुलिस की अलग-अलग टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले के अन्य सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
मणिभूषण की रिपोर्ट