नेपाल में हो रही बारिश से उफान पर गंडक : बाढ़ को लेकर मुजफ्फरपुर प्रशासन अलर्ट, तटबंधों का निरीक्षण जारी

नेपाल की तराई मे हो रही भारी बारिश से गंडक उफान पर है। गंडक नदी के जलस्तर में हो रही अप्रत्याशित वृद्धि को देखते हुए मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। प्रशासन की टीम ने रविवार को विभिन्न संवेदनशील तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया...

बाढ़ को लेकर मुजफ्फरपुर प्रशासन अलर्ट- फोटो : मणिभूषण

Muzaffarpur : नेपाल के तराई और गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्रों में बीते कई दिनों से जारी मूसलाधार बारिश (अतिवृष्टि) के कारण गंडक नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि देखी जा रही है। नदी में अत्यधिक जलस्राव और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए मुजफ्फरपुर जिलाधिकारी कुमार गौरव के सख्त निर्देश पर अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) शैलेश कुमार चौधरी ने प्रशासनिक व तकनीकी टीम के साथ विभिन्न संवेदनशील तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया।


अपर समाहर्ता और अभियंताओं ने लिया संवेदनशील स्थलों का जायजा 

आपदा प्रबंधन की टीम ने जल संसाधन विभाग मुजफ्फरपुर अंचल के अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार, सहायक अभियंता अनिल कुमार तथा सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी रिया के साथ गंडक नदी के कई प्रमुख व संवेदनशील तटबंध स्थलों—उस्टी, मानिकपुर, रतनपुर डीही और रेवा घाट का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सरैया, पारू और साहेबगंज के अंचलाधिकारियों (CO) को सरकार और विभाग के निर्देशानुसार राहत व बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह 'अलर्ट मोड' में रहने की हिदायत दी गई।


NDRF/SDRF की टीमें मुस्तैद, तटबंधों की चौबीसों घंटे निगरानी 

जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि नेपाल में हो रही भारी वर्षा के कारण बिहार में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और जिला प्रशासन किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूर्णतः तैयार है। एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों को स्टैंडबाय रखा गया है। इसके अलावा जल संसाधन विभाग और क्षेत्रीय अधिकारियों को नदियों के जलस्तर, मौसम पूर्वानुमान और वर्षापात के आंकड़ों की निरंतर समीक्षा करने तथा एसओपी (SOP) के तहत त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।


विभिन्न विभागों को 'मिशन मोड' में समन्वय बनाने के निर्देश 

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संभावित बाढ़ की स्थिति में आम जनता के जान-माल की सुरक्षा और समय पर राहत पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जल संसाधन, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, पीएचईडी (PHED), पंचायती राज और ग्रामीण विकास विभाग सहित सभी संबद्ध विभागों को आपस में सुदृढ़ समन्वय बनाकर मिशन मोड में कार्य करने को कहा गया है।


अफवाहों से बचने की अपील और आपातकालीन हेल्पलाइन जारी 

जिलाधिकारी ने नागरिकों से पैनिक न होने, अफवाहों या भ्रामक खबरों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं:

  • जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (मुजफ्फरपुर): 0621-2212007
  • राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (पटना): 0612-2294204 / 205
  • आपातकालीन सहायता टॉली-फ्री नंबर: 1070


मणिभूषण की रिपोर्ट