Holi 2026: हम हैं तैयार,ताकि आप मना सकें सुरक्षित त्योहार...होली से पहले बिहार पुलिस का कड़ा अलर्ट, हुड़दंगियों की खैर नहीं

होली के मद्देनज़र पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ चुकी है। साफ लफ्ज़ों में पैगाम दे दिया गया है अमन में खलल डालने वालों और हुड़दंग मचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

हुड़दंगियों की खैर नहीं- फोटो : reporter

Holi 2026: रंगों के त्योहार से पहले ही शहर में कानून का पहरा और भी सख्त हो गया है। 4 मार्च को मनाई जाने वाली होली के मद्देनज़र मुजफ्फरपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ चुकी है। साफ लफ्ज़ों में पैगाम दे दिया गया है अमन में खलल डालने वालों और हुड़दंग मचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस महकमे ने शहर के संवेदनशील और संदिग्ध इलाकों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है। वर्दीधारी जवानों के साथ-साथ सिविल ड्रेस में भी खुफिया निगरानी रखी जा रही है। गश्त तेज कर दी गई है, ताकि किसी भी तरह की बदअमनी, जबरदस्ती रंग डालने, शराब के नशे में उपद्रव या फिज़ा बिगाड़ने की कोशिश को मौके पर ही कुचल दिया जाए।

वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने खुद सुरक्षा इंतज़ामात का जायज़ा लिया। उन्होंने दो टूक कहा, “मुजफ्फरपुर पुलिस पूरी तरह तैयार है, ताकि आम अवाम सुकून और सौहार्द के साथ त्योहार मना सके।” उन्होंने यह भी आगाह किया कि हुड़दंगियों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नज़र है।

सोशल मीडिया पर भी खास निगरानी रखी जा रही है। अगर किसी ने भड़काऊ पोस्ट, आपत्तिजनक वीडियो या अफवाह फैलाने की जुर्रत की, तो उस पर साइबर सेल के जरिए सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि त्योहार की आड़ में कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी।

साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि भाईचारे और मोहब्बत के इस पर्व को शांति और तहज़ीब के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का दावा है “हम हैं तैयार, ताकि आप मना सकें सुरक्षित त्योहार।” अब देखना यह है कि हुड़दंगियों पर कानून का ये शिकंजा कितना कारगर साबित होता है।

रिपोर्ट - मणिभूषण शर्मा