पत्नी के 'इंस्टाग्राम इश्क' की बलि चढ़ा पति; पत्नी का प्रेमी के साथ स्टेटस देख भड़का पति, शाम होते ही प्रेमी ने चाकू गोदकर ले ली जान

एक कलयुगी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की जान ले ली। सोशल मीडिया पर प्रेमी के साथ फोटो लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद पत्नी ने खूनी साजिश रची और अपने सुहाग को ही मिटा दिया।

Muzaffarpur - नगर थाना क्षेत्र के गोला रोड स्थित केपी पथ गली में मंगलवार की शाम एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय मनोज कुमार राय के रूप में हुई है, जो मक्खन साह चौक पर पान की दुकान चलाता था। घटना के महज कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी और भाई अभी भी फरार हैं।

इंस्टाग्राम स्टेटस बना मौत का कारण

मनोज की शादी 10 साल पहले निशू कुमारी से हुई थी और उनकी दो बेटियां हैं। मृतक की मां मुन्नी देवी के अनुसार, निशू का प्रेम प्रसंग गरीब स्थान मंदिर के पास एक आभूषण दुकान में काम करने वाले कारीगर से चल रहा था। दोनों की पहचान इंस्टाग्राम पर हुई थी। मंगलवार की सुबह मनोज ने निशू के मोबाइल में उसके प्रेमी के साथ चैटिंग, वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट और फोटो देख लिए थे, जिसके बाद दिनभर घर में विवाद चलता रहा।

साजिश के तहत हत्या को दिया अंजाम

विवाद के बाद निशू घर से निकल गई और कथित तौर पर अपने प्रेमी को पूरे मामले की जानकारी दी। आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मनोज की हत्या की साजिश रची। शाम को मनोज की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही एएसपी (ASP) टाउन सुरेश कुमार और नगर थानेदार अनोज कुमार पुलिस टीम और एफएसएल (FSL) टीम के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य एकत्रित किए।

पुलिसिया कार्रवाई और जांच

पुलिस ने आरोपी पत्नी निशू कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी (प्रेमी) और महिला का भाई अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं, जिनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) भेज दिया गया है।

रिपोर्ट - मणि भूषण शर्मा