Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव, रंगदारी मांगने के आरोपी पर दिनदहाड़े की फायरिंग, इलाके में मचा हड़कंप
Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में रंगदारी और शराब तस्करी के आरोपी पर बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर दी. जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है....पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। ताज़ा मामला अहियापुर थाना क्षेत्र का है, जहाँ जीरो माइल के समीप अज्ञात अपराधियों ने तांडव मचाते हुए लक्ष्मी राय नामक व्यक्ति को गोली मार दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही अहियापुर थाना प्रभारी रोहन कुमार और एसडीपीओ टाउन टू विनीता सिन्हा दलबल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की।
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी राय को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल घायल की स्थिति नाजुक बताई जा रही है और पुलिस उनके होश में आने का इंतजार कर रही है ताकि उनका बयान दर्ज किया जा सके।
पुलिस की शुरुआती जांच में घायल लक्ष्मी राय का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मी राय पर पूर्व से ही रंगदारी और शराब की तस्करी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह घटना आपसी रंजिश या वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम तो नहीं है। फिलहाल, पुलिस ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी शुरू कर दी है। एसडीपीओ विनीता सिन्हा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मणिभूषण की रिपोर्ट