Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े बदमाशों ने घर पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बची छात्रा, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Bihar Crime : मुजफ्फरपुर के मुरौल ओपी क्षेत्र के ढोली बाजार मे बाईक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी. वारदात सीसीटीवी में कैद हो गयी है.......पढ़िए आगे

बदमाशों का दुस्साहस - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : जिले के मुरौल ओपी क्षेत्र स्थित ढोली बाजार में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना के बाद पूरे बाजार और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है। गनीमत यह रही कि इस जानलेवा हमले में एक छात्रा बाल-बाल बच गई। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तीनों बदमाश बाइक पर सवार होकर फायरिंग करते हुए साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं।

शिवनाथ साह के घर को बनाया गया निशाना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार तीनों बदमाशों ने ढोली बाजार निवासी शिवनाथ साह के घर पर अंधाधुंध फायरिंग की। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में यह स्पष्ट दिख रहा है कि बदमाशों ने बाइक पर बैठे-बैठे ही घर पर गोलियां चलाईं, जो दरवाजे पर खड़ी एक कार पर जाकर लगीं। सबसे डरावनी बात यह रही कि गोलीबारी की इस घटना से ठीक कुछ सेकंड पहले ही घर से एक छात्रा बाहर निकली थी, जिससे वह इस भीषण हमले में बाल-बाल बच गई।

मौके पर पहुंचे डीएसपी और पुलिस बल

दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की इस दुस्साहसिक घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुरौल ओपी पुलिस के साथ-साथ पूर्वी-2 डीएसपी मनोज कुमार सिंह तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से पूछताछ की।

सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस घटना के पीछे का असली कारण क्या है और किन कारणों से इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सामने आए सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। 

मणिभूषण की रिपोर्ट