Muzaffarpur News:वीरपुर और रामदयालु नगर नहरों के दिन बहुरेंगे,कांटी विधायक की पहल पर मंत्री ने दिया बड़ा भरोसा

कांटी विधायक एवं पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने जल संसाधन मंत्री मुलाकात कर वीरपुर, रामदयालु नगर और बड़कागांव उपवितरणी सहित जर्जर नहरों के जीर्णोद्धार की मांग की।मंत्री ने एक साल के भीतर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने का आश्वासन दिया है।

नहरों के जीर्णोद्धार को लेकर विधायक अजीत कुमार ने मंत्री से की मुलाकात- फोटो : news 4 nation

मुजफ्फरपुर के कांटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने शुक्रवार को क्षेत्र की जर्जर नहरों के जीर्णोद्धार और सिंचाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मंत्री को क्षेत्र की प्रमुख नहरों की खराब स्थिति से अवगत कराया और किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग रखी।


प्रमुख नहरों और उपवितरणियों के जीर्णोद्धार की उठी मांग

मुलाकात के दौरान विधायक ने वीरपुर वितरणी, रामदयालु नगर उपवितरणी और बड़कागांव उपवितरणी सहित अन्य छोटी नहरों की मरम्मत और सफाई कराने की पुरजोर मांग की। उन्होंने बताया कि नहरों की स्थिति बदहाल होने के कारण उनमें क्षमता के अनुरूप जलप्रवाह नहीं हो पा रहा है, जिससे वर्षों से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित है और किसानों को खेती में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


आरसीसी लाइनिंग और सर्विस रोड निर्माण का आग्रह

विधायक ने वीरपुर, रामदयालु नगर और बड़कागांव उपवितरणी में आरसीसी लाइनिंग के साथ-साथ सर्विस रोड का निर्माण कराने का आग्रह किया। इसके अलावा छोटी नहरों की उड़ाही और गाद की सफाई कराने की बात भी कही गई। उनका कहना था कि इससे खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचेगा, कृषि उत्पादन बढ़ेगा और सर्विस रोड बनने से नहरों के निरीक्षण व रखरखाव में भी काफी सुविधा होगी।


एक साल के भीतर खेतों तक पानी पहुंचाने का मिला आश्वासन

विधायक ई. अजीत कुमार की मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए जल संसाधन मंत्री ने एक वर्ष के भीतर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने का आश्वासन दिया है। विधायक ने उम्मीद जताई है कि मंत्री के इस आश्वासन के बाद निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा होने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा।