कांटी में 40 भूमिहीन परिवारों को मिला बासगीत पर्चा,विधायक अजीत कुमार ने मधुबन में बांटे प्रमाण पत्र

कांटी विधानसभा क्षेत्र के मधुबन स्थित पंचायत सरकार भवन में आयोजित विशेष शिविर में MLA अजीत कुमार ने 40 भूमिहीन परिवारों के बीच बासगीत पर्चा का वितरण किया। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनकल्याणकारी कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

कांटी में 40 भूमिहीन परिवारों को मिला बासगीत पर्चा- फोटो : Reporter

बिहार के मुजफ्फरपुर के कांटी विधानसभा क्षेत्र के 40 भूमिहीन परिवारों के लिए शनिवार का दिन बेहद खास रहा, जब उन्हें जमीन के मालिकाना हक का बासगीत पर्चा सौंपा गया। क्षेत्रीय विधायक सह पूर्व मंत्री इंजीनियर अजीत कुमार ने कांटी अंचल के रामनाथ धमौली पूर्वी पंचायत स्थित मधुबन गांव के पंचायत सरकार भवन में आयोजित विशेष शिविर में इन पर्चों का वितरण किया। इस कदम से लंबे समय से अपनी जमीन का इंतजार कर रहे गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिली है।


सरकार के 100 दिन पूरे होने पर विशेष अभियान

शिविर को संबोधित करते हुए विधायक अजीत कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्य भर के अंचलों में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी पात्र भूमिहीन परिवारों को सरकारी स्तर पर जमीन का बासगीत पर्चा देकर बसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सूबे के नेतृत्व में बिहार निरंतर प्रगति और विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई

पूर्व मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विकास कार्यों में देरी या लापरवाही सामने आई, तो संबंधित विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों पर तुरंत जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि पंचायत सरकार भवनों में बैठकर ही संबंधित कर्मियों को आम जनता की समस्याओं का समाधान करना होगा।

जनता से किए वादों पर खरे उतरने का संकल्प

अजीत कुमार ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि वे क्षेत्र की जनता से किए गए हर वादे और कमिटमेंट को पूरा करने के लिए लगातार तत्पर हैं और जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। इस अवसर पर एसडीएम (पश्चिम-1) सुचित्रा कुमारी, अंचलाधिकारी (सीओ) मुकेश कुमार, राजस्व कर्मचारी गौतम कुमार व रंजीत कुमार, स्थानीय समाजसेवी मनमोहन सिंह और चंचल कुमार सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।