Bihar News: मंत्री नीतीश मिश्रा से मिले विधायक अजीत कुमार, लंबित योजनाओं को पूरी करने की मांग

कांटी विधायक अजीत कुमार ने नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा से उनके कार्यालय में मुलाकात कर कांटी नगर परिषद के अधूरे विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया।...

मंत्री नीतीश मिश्रा से मिले विधायक- फोटो : reporter

Bihar News: मुजफ्फरपुर के कांटी नगर परिषद क्षेत्र में वर्षों से लंबित विकास योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने की कवायद तेज हो गई है। कांटी विधायक अजीत कुमार ने  नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा से उनके कार्यालय में मुलाकात कर कांटी नगर परिषद के अधूरे विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया।मुलाकात के दौरान विधायक अजीत कुमार ने मंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए नगर परिषद क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क, नाला निर्माण, वृद्ध आश्रम, बड़े पार्क तथा लाइब्रेरी  जैसी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं को स्वीकृति देने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और नगर परिषद का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।

विधायक ने विशेष रूप से कांटी प्रखंड परिसर में एक बड़े पार्क के निर्माण तथा नगर परिषद मुख्यालय में आधुनिक लाइब्रेरी एवं स्टडी सेंटर की स्थापना की आवश्यकता पर बल दिया। उनका कहना था कि युवाओं, छात्रों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए ऐसी सुविधाएं समय की मांग हैं। बैठक में कांटी हाई स्कूल के पास से छिन्मस्तिका मंदिर तक प्रस्तावित बाईपास सड़क के निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने इस सड़क को जनहित और यातायात सुविधा के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्य शुरू कराने का अनुरोध किया।

नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा ने विधायक द्वारा उठाई गई सभी मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विभाग स्तर पर प्रस्तावों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी ताकि क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिल सके। बैठक के बाद विधायक अजीत कुमार ने विश्वास जताया कि मंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद जल्द ही विभिन्न योजनाओं को स्वीकृति मिलेगी और कांटी में विकासात्मक एवं जनहित से जुड़े कार्य तेजी से जमीन पर उतरते दिखाई देंगे। इससे क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा और नगर परिषद के विकास को नई दिशा मिलेगी।

रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह