रौतिनिया डंपिंग यार्ड की बदबू से परेशान ग्रामीणों की शिकायत पर कांटी विधायक सख्त, नगर निगम को 24 घंटे में छिड़काव के दिए निर्देश
कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने बुधवार को कचरा डंपिंग यार्ड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों की दुर्गंध से जीना मुश्किल होने की शिकायत पर नगर निगम के अधिकारियों को फौरन कार्रवाई करने की हिदायत दी....
Muzaffarpur : कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने बुधवार को मड़वन प्रखंड के रौतिनिया स्थित कचरा डंपिंग यार्ड का नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने कचरे के प्रसंस्करण, दुर्गंध से हो रही समस्याओं और निष्पादन की वर्तमान गति का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक से मुलाकात कर डंपिंग यार्ड से उत्पन्न हो रही समस्याओं से अवगत कराया।
बदबू और धीमी निष्पादन प्रक्रिया पर स्थानीय लोगों का आक्रोश
ग्रामीणों ने विधायक से शिकायत करते हुए बताया कि डंपिंग यार्ड से उठने वाली तीव्र दुर्गंध के कारण आसपास के गांवों में लोगों का रहना दुश्वार हो गया है। इसके अलावा कचरे का निष्पादन भी अपेक्षित गति से नहीं हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने नगर प्रबंधक को सख्त हिदायत दी कि 24 घंटे के भीतर रसायन का छिड़काव कराया जाए और आम लोगों को दुर्गंध की समस्या से तत्काल राहत दिलाई जाए।
बारिश से प्रभावित हुआ कचरा निष्पादन कार्य
निरीक्षण के दौरान नगर निगम अधिकारियों और प्रोजेक्ट मैनेजर भारत भूषण ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण कचरा निष्पादन की प्रक्रिया धीमी हुई है। अब तक लगभग 385 टन कचरे का ही निष्पादन हो सका है, जो निर्धारित लक्ष्य से काफी कम है। प्रोजेक्ट मैनेजर ने स्पष्ट किया कि लीगेसी वेस्ट के निष्पादन के लिए मशीन स्थापित कर दी गई है और मौसम सामान्य होते ही काम में तेजी लाई जाएगी। विधायक ने बारिश समाप्त होते ही कार्य की गति बढ़ाने का निर्देश दिया।
लापरवाह कर्मियों पर बिफरे विधायक, डीएम से शिकायत की बात कही
प्रतिदिन कचरा निष्पादन न होने और व्यवस्था में अपेक्षित सुधार न दिखने पर विधायक ने नगर निगम के कुछ कर्मियों की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता को दुर्गंध और गंदगी से परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो पूरे मामले की वस्तुस्थिति से जिलाधिकारी (DM) को अवगत कराया जाएगा। वहीं, नगर प्रबंधक ने बताया कि निरोधात्मक कार्रवाई के तहत गुरुवार से आसपास के गांवों में फॉगिंग अभियान चलाया जाएगा।
प्रखंड सभागार में समीक्षा बैठक कर दिए आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के पश्चात विधायक ने प्रखंड सभागार में अधिकारियों व नगर निगम कमेटी के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में डंपिंग यार्ड की नियमित निगरानी, लगातार फॉगिंग, कचरा निष्पादन में तेजी और समस्या के स्थायी समाधान को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस मौके पर उप नगर आयुक्त, अंचलाधिकारी (CO) पुष्कल कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो. शमीम, पूर्व प्रमुख मो. मोहसिन, मनोज कुमार सिंह, मूर्ति देवी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
धीरज सिंह की रिपोर्ट