Bihar Crime: शर्ट के पार्सल में शराब का खेला, टेंपो से निकली विदेशी शराब की खेप, उत्पाद टीम भी रह गई दंग
Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में शराब तस्करी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने उत्पाद विभाग की टीम को भी हैरान कर दिया।
Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में शराब तस्करी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने उत्पाद विभाग की टीम को भी हैरान कर दिया। शर्ट के नाम पर बुक किया गया पार्सल जब खुला तो उसमें से विदेशी शराब की खेप बरामद हुई। पूरा खेल सड़क पर ही बेनकाब हो गया और टेंपो चालक गिरफ्तार कर लिया गया।
मामला सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही चौक के समीप का है। जानकारी के मुताबिक एक टेंपो अहियापुर थाना क्षेत्र के दादर स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी से शर्ट का पार्सल लेकर निकला था। कागज़ों में यह पार्सल कपड़ों का बताया गया था और इसे रामदयालू स्थित एक गोदाम तक पहुंचाना था।
इसी बीच उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली कि शर्ट के इन पार्सलों में विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार अपनी टीम के साथ सक्रिय हो गए। गोबरसही चौक के पास घेराबंदी की गई और संदिग्ध टेंपो को रोककर तलाशी ली गई।
जब पार्सल खोला गया तो टीम की आंखें फटी रह गईं। शर्ट की आड़ में भारी मात्रा में विदेशी शराब की बोतलें करीने से छुपाई गई थीं। मौके पर ही टेंपो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह दादर स्थित ट्रांसपोर्ट से यह पार्सल लेकर रामदयालू के एक गोदाम में डिलीवरी करने जा रहा था।
चालक की निशानदेही पर उत्पाद विभाग की टीम ने बताए गए गोदाम में भी छापेमारी की, लेकिन वहां से कोई बरामदगी नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि कारोबारी पहले ही फरार हो चुके थे।
फिलहाल उत्पाद विभाग स्थानीय तस्करों के नेटवर्क को खंगालने में जुटा है। बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर कानून को चुनौती दे रहे हैं। लेकिन इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि पुलिस और उत्पाद विभाग भी अब पूरी तरह चौकन्ना है और “शर्ट” के नाम पर चल रहे इस खेल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा