Bihar News : मुजफ्फरपुर में शराब तस्करों ने उत्पाद टीम की गाड़ी में मारी टक्कर, मौके से 238 कार्टून विदेशी शराब हुए जब्त, दो तस्कर हुए गिरफ्तार
Bihar News : सदर थाना क्षेत्र के मधुबनी फोर लेन किनारे भारी मात्रा में विदेशी शराब उतारने की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम की गाड़ी को शराब तस्करों के वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
MUZAFFARPUR : जिले के सदर थाना क्षेत्र के मधुबनी फोर लेन किनारे भारी मात्रा में विदेशी शराब उतारने की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम की गाड़ी को शराब तस्करों के वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हालांकि इस घटना में उत्पाद विभाग की टीम बाल-बाल बच गई और तत्परता दिखाते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार करने के साथ ही बड़ी मात्रा में शराब बरामद कर ली।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के मधुबनी फोर लेन किनारे एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप उतारी गई है, जिसे लग्जरी वाहनों के जरिए अलग-अलग स्थानों पर भेजा जा रहा है। सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की विशेष टीम मौके पर पहुंची और एक बोलेरो को रोकने का प्रयास किया।
इसी दौरान शराब तस्करों की बोलेरो ने उत्पाद विभाग की गाड़ी को जबरदस्त टक्कर मार दी और भागने की कोशिश की। लेकिन उत्पाद टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए बोलेरो को पकड़ लिया और उसमें सवार दोनों तस्करों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के बाद जब टीम ट्रक से उतारी गई शराब को पकड़ने के लिए आगे बढ़ रही थी, तभी एक अन्य लग्जरी वाहन से शराब लेकर आ रहे तस्कर टीम को देखकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद उत्पाद टीम ने उस लग्जरी वाहन को भी जब्त कर लिया और उस स्थान पर पहुंची, जहां ट्रक से शराब अनलोड की गई थी।
उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने बताया कि लग्जरी वाहनों और जंगल में उतारे गए कुल 238 कार्टून विदेशी शराब तथा दो लग्जरी वाहनों को जब्त किया गया है। गिरफ्तार दोनों तस्करों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
मणिभूषण की रिपोर्ट