Bihar News : मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने की बड़ी कार्रवाई, हरियाणा से लायी जा रही 40 लाख की शराब किया जब्त, कंटेनर चालक को किया गिरफ्तार

Bihar News : मुजफ्फरपुर में करोड़ों रुपए मूल्य के दवाई के आड़ में हरियाणा से कंटेनर ट्रक में लोड कर दरभंगा को जा रही विदेशी शराब की बड़ी खेप को उत्पाद विभाग की टीम ने पकड़ा है.......पढ़िए आगे

लाखों की शराब बरामद - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शराब तस्करों के खिलाफ उत्पाद विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। हरियाणा से दरभंगा ले जाई जा रही करोड़ों रुपये मूल्य की दवाओं की आड़ में छिपाई गई विदेशी शराब की एक बड़ी खेप को उत्पाद विभाग की टीम ने जब्त किया है। पुलिस ने मौके से हरियाणा नंबर के कंटेनर ट्रक को जब्त करते हुए उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

मामले की जानकारी देते हुए उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि मुजफ्फरपुर के रास्ते एक कंटेनर दरभंगा की ओर जा रहा है, जिसमें दवाओं के कॉटन के पीछे भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अहियापुर थाना क्षेत्र के संगम घाट के पास कड़ा पहरा लगाकर घेराबंदी की और संदिग्ध कंटेनर को जांच के लिए रोक लिया।

कंटेनर ट्रक की तलाशी लेने पर अधिकारी भी हैरान रह गए। तस्करों ने कार्रवाई से बचने के लिए आगे दवाइयों के डिब्बे रख रखे थे, जबकि उनके पीछे विदेशी शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने तुरंत शराब की पूरी खेप को जब्त कर लिया। जब्त की गई विदेशी शराब का बाजार मूल्य लगभग 40 लाख रुपये आंका जा रहा है।

उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से ही कंटेनर चालक को हिरासत में ले लिया। फिलहाल गिरफ्तार चालक से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि शराब की यह खेप हरियाणा में कहां से लोड की गई थी और दरभंगा में इसे किसे डिलीवर किया जाना था। उत्पाद विभाग बरामद शराब की बोतलों का मिलान कराने और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करने में जुटा हुआ है।

मणिभूषण की रिपोर्ट