सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 13 सट्टेबाज को किया गिरफ्तार, 1.72 लाख कैश बरामद
मुजफ्फरपुर पुलिस ने अवैध जुआ और सट्टेबाजी के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विशेष अभियान चला 13 सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। वहीं इनके पास से 1.72 रुपये बरामद किये है......
Muzaffarpur : जिले की पुलिस ने अवैध जुआ और सट्टेबाजी के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मिठनपुरा थाना पुलिस ने रविवार की देर रात बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने चालबासु/चकवासु मोहल्ले में छापेमारी कर सट्टा खेल रहे 13 सट्टेबाजों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
1.72 लाख रुपये कैश बरामद, आरोपियों को भेजा गया जेल
मामले की जानकारी देते हुए मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि रविवार रात लगभग 12 बजे मिठनपुरा थानाध्यक्ष अजय कुमार को चकवासु मोहल्ले में बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी संचालित होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की। मौके से 13 सट्टेबाजों को दबोचा गया और उनके पास से कुल 1,72,000 रुपये नकद (कैश) बरामद किए गए।
जिले भर में जारी रहेगा सट्टा और जुए के खिलाफ अभियान
सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध लॉटरी, जुआ और सट्टेबाजी को पूरी तरह खत्म करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। मिठनपुरा थाने में गिरफ्तार सभी 13 आरोपियों से सट्टेबाजी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में गहन पूछताछ की गई, जिसके बाद सोमवार को सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि असामाजिक और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
मणिभूषण की रिपोर्ट