दीपावली से पूर्व फूड सेफ्टी विभाग का बड़ा छापा: भारी मात्रा में मिलावटी मिठाइयां और एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक जब्त, विक्रेताओं में मचा हड़कंप
त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए मुजफ्फरपुर जिले में खाद्य सुरक्षा (फूड सेफ्टी) विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी से मिठाई कारोबारियों हड़कंप मच गया है.....
Muzaffarpur : दीपावली के त्योहार से ठीक पहले मुजफ्फरपुर जिले में खाद्य सुरक्षा (फूड सेफ्टी) विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी से मिठाई कारोबारियों और स्वीट हाउस संचालकों के बीच हड़कंप मच गया है। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत भारी मात्रा में दूषित मिठाइयों और एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराया गया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर निर्मल स्वीट्स में छापेमारी, एक्सपायरी सामान विनष्ट
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के कड़े निर्देश के बाद टीम ने सरैया प्रखंड के मानिकपुर स्थित 'निर्मल स्वीट्स एंड नमकीन' प्रतिष्ठान पर औचक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान वहां से बड़ी मात्रा में छेना से बनी खराब मिठाइयां और एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक जब्त की गई, जिसे प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में तुरंत विनष्ट कर दिया गया।
उपहार स्वीट्स हाउस से मिल्क केक, डोडा बर्फी व अन्य सामान किया गया नष्ट
इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सरैया चौक पर स्थित 'उपहार स्वीट्स हाउस' में भी जांच अभियान चलाया। यहां से भारी मात्रा में असुरक्षित पाई गई मिल्क केक, मोतीचूर के लड्डू, डोडा बर्फी और कोल्ड ड्रिंक सहित कई अन्य खाद्य पदार्थों को जब्त किया गया तथा मौके पर ही उनका विनष्टीकरण कराया गया।
कई नामी दुकानों से मिठाइयों के सैंपल जब्त, जांच के लिए लैब भेजे गए
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने केवल दूषित सामानों को नष्ट ही नहीं कराया, बल्कि कई अन्य स्वीट शॉप्स से मिठाइयों के संदिग्ध सैंपल भी एकत्र किए हैं। इन सैंपलों को सील कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला में भेजा जा रहा है, ताकि मिलावट की सटीक जांच की जा सके।
शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए त्योहारी सीजन में लगातार जारी रहेगी जांच
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी विक्रेता को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग द्वारा पूरे जिले में जांच और छापेमारी की यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी ताकि त्योहारों के दौरान केवल शुद्ध और सुरक्षित मिठाइयां ही बाजार में बिक सकें।