कांटी को विधायक अजीत कुमार की बड़ी सौगात, सवा करोड़ की लागत से 3 विकास योजनाओं का किया शिलान्यास

कांटी विधायक व बिहार के पूर्व मंत्री ई. इंजीनियर अजीत कुमार ने कांटी नगर परिषद् क्षेत्र को आज बड़ा तोहफा दिया। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए तकरीबन 1.25 करोड़ की लागत से बनने वाली कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया....

कांटी को विधायक अजीत कुमार की बड़ी सौगात- फोटो : नरोत्तम कुमार

Muzaffarpur  : जिले के कांटी नगर परिषद क्षेत्र में मंगलवार को विकास कार्यों को एक नई रफ्तार मिली। क्षेत्रीय विधायक सह पूर्व मंत्री इंजीनियर अजीत कुमार ने क्षेत्र के विकास के लिए सवा करोड़ रुपए की भारी-भरकम लागत से बनने वाली तीन महत्वपूर्ण योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। इस बहुप्रतीक्षित सौगात से कांटी क्षेत्र की हजारों की आबादी को सीधा लाभ पहुंचेगा। शिलान्यास के मौके पर स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने विधायक का फूल-माला पहनाकर भव्य स्वागत किया और आभार जताया।


वार्ड 13 और वार्ड 22 में जलजमाव से मिलेगी मुक्ति, नाला निर्माण शुरू

शिलान्यास कार्यक्रमों की कड़ी में विधायक अजीत कुमार ने सबसे पहले कांटी कोठिया (वार्ड संख्या-13) स्थित कन्या मध्य विद्यालय के समीप से लेकर लोहार टोला तक बनने वाले नाला निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। लगभग 25 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस नाले से स्थानीय निवासियों को जलजमाव की गंभीर समस्या से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी। इसके बाद उन्होंने वार्ड संख्या-22 कुशी हरपुर में लगभग 9 लाख रुपए की लागत से उपेंद्र ठाकुर के घर से संजीव ठाकुर के घर तक बनने वाले एक अन्य नाला निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया।


हाई स्कूल से बहादुरपुर मार्ग का कायाकल्प, जनता से की निगरानी की अपील

विकास योजनाओं के तहत सबसे बड़ी राहत कांटी हाई स्कूल से बहादुरपुर मार्ग के निर्माण से मिलने जा रही है। इस मुख्य सड़क के शिलान्यास के दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अजीत कुमार ने संवेदक (ठेकेदार) को पूरी ईमानदारी से और सरकारी मानक के अनुरूप सड़क निर्माण करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने स्थानीय जनता से भी अपील की कि वे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर खुद सतत निगरानी रखें और किसी भी प्रकार की वित्तीय या तकनीकी गड़बड़ी पाए जाने पर इसकी सूचना सीधे उन्हें दें।


चुनावी वादा हुआ पूरा, अब 7 किलोमीटर के चक्कर से मिलेगी राहत

अजीत कुमार ने भावुक होते हुए कहा कि कांटी हाई स्कूल से बहादुरपुर मार्ग की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी थी, जिसके कारण हजारों लोगों को रोजाना 6 से 7 किलोमीटर की लंबी दूरी घूमकर तय करनी पड़ती थी। उन्होंने गोसाई टोला स्थित विषहर स्थान के समीप आयोजित सम्मान समारोह में इस सड़क को बनवाने का वादा किया था, जिसे आज अमली जामा पहना दिया गया है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से विधायक बनने के बाद से वे लगातार क्षेत्र में जनकल्याणकारी और जनउपयोगी कार्यों को धरातल पर उतारने में जुटे हैं।


कांटी में जल्द बनेगा वृद्धाश्रम और बड़ा पार्क, सभापति ने जताया आभार

विधायक ने कांटी नगर परिषद क्षेत्र के लिए भविष्य की योजनाओं का खुलासा करते हुए घोषणा की कि बहुत जल्द कांटी में एक आधुनिक वृद्धाश्रम और ब्लॉक परिसर में एक बड़े और खूबसूरत पार्क का निर्माण कराया जाएगा, जिसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। इस अवसर पर नगर परिषद के सभापति दिलीप कुमार और उपसभापति अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि विधायक के सक्रिय सहयोग से ही नगर परिषद में विकास कार्य काफी तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। कार्यक्रम में पार्षद इनरदेव राम, विजय राम, पूर्व पार्षद श्रीराम पांडे, पूर्व मुखिया राजेश पांडे सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।


नरोत्तम की रिपोर्ट