मुजफ्फरपुर ब्यूटी पार्लर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: रेस्क्यू नाबालिग ने खोली देह व्यापार की काली सच्चाई,10 महिलाएं और 1 पुरुष गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर में ब्यूटी पार्लरों की आड़ में चल रहे देह व्यापार के काले साम्राज्य का बड़ा खुलासा! इंस्टाग्राम पर प्यार के जाल में फंसकर घर से निकली नाबालिग को दलाल ने झांसा देकर जिस्मफरोशी के दलदल में धकेल दिया था।

मुजफ्फरपुर में ब्यूटी पार्लरों की आड़ में चल रहे देह व्यापार के काले साम्राज्य का बड़ा खुलासा- फोटो : Reporter

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में ब्यूटी पार्लर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के एक बहुत बड़े और घिनौने नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। घटना की शुरुआत पानापुर करियात थाना क्षेत्र से हुई, जहाँ रहने वाली एक नाबालिग लड़की को इंस्टाग्राम के जरिए बेंगलुरु के एक युवक से प्यार हो गया था। बीते 12 जुलाई 2026 को वह अपने प्रेमी से मिलने के लिए घर छोड़कर मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची थी, जहाँ से उसे बेंगलुरु जाना था। हालांकि, स्टेशन के पास मौजूद संजय साह (सूरज साह) नामक एक शातिर दलाल की नजर उस पर पड़ गई। उसने झांसा देकर नाबालिग को अपने जाल में फंसाया और सीधे देह व्यापार के काले दलदल में धकेल दिया।

परिजनों की शिकायत पर विशेष पुलिस टीम का गठन

उधर, नाबालिग के अचानक गायब होने से परेशान परिजनों ने 12 जुलाई को ही पानापुर करियात थाने में बेटी की गुमशुदगी का लिखित आवेदन दिया था। मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस तुरंत हरकत में आई और प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार शर्मा के सख्त निर्देश पर डीएसपी वेस्ट वन (DSP West 1) सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। यह विशेष टीम तकनीकी सर्विलांस और मानवीय सूचनाओं (Human Intelligence) के आधार पर लगातार बच्ची की तलाश में जुटी हुई थी।

दलाल की गिरफ्तारी के बाद ब्यूटी पार्लर में छापेमारी, 2 नाबालिगें रेस्क्यू

जांच के दौरान गठित विशेष पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सबसे पहले संदेही संजय साह को धर दबोचा। पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल किया और उसकी निशानदेही पर काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित एक ब्यूटी पार्लर में छापेमारी की गई। वहां से पुलिस ने गायब हुई नाबालिग को सकुशल रेस्क्यू कर लिया। इसी छापेमारी के दौरान पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली, जब उसी पार्लर से तुर्की थाना क्षेत्र से लापता हुई एक अन्य नाबालिग लड़की को भी रेस्क्यू किया गया। मौके से पुलिस ने देह व्यापार संचालित करने वाली दो महिला संचालकों को गिरफ्तार कर लिया।


रेस्क्यू बच्चियों के खुलासे पर शहर के कई पार्लरों में ताबड़तोड़ रेड

रेस्क्यू की गई दोनों नाबालिग बच्चियों से जब महिला पुलिस अधिकारियों ने पूछताछ की, तो उन्होंने ब्यूटी पार्लर की आड़ में चल रहे जिस्मफरोशी के धंधे की रोंगटे खड़े कर देने वाली सच्चाई उजागर की। पीड़िता ने बताया कि उसे जबरन अलग-अलग ब्यूटी पार्लरों में भेजकर उसके शरीर का सौदा कराया जाता था। पीड़िता की निशानदेही पर पुलिस की विशेष टीम ने नगर थाना क्षेत्र और शहर के अन्य हिस्सों में स्थित कई ब्यूटी पार्लरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इन छापों में पुलिस ने मौके से कई आपत्तिजनक सामान, निरोधक सामग्रियां और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए।

10 महिलाओं समेत 11 गिरफ्तार, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

पुलिस की इस विशाल कार्रवाई में विभिन्न ब्यूटी पार्लरों से कुल 10 महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपी बिहार के अलग-अलग जिलों के अलावा अन्य राज्यों के भी रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो इस अंतरराज्यीय देह व्यापार गिरोह से जुड़े हुए थे। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए पुलिस ने मौके पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को बुलवाकर महत्वपूर्ण भौतिक व डिजिटल साक्ष्य एकत्र कराए हैं। पुलिस गिरफ्तार सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है ताकि गिरोह के मुख्य सरगना तक पहुंचा जा सके।


डीएसपी वेस्ट सुचित्रा कुमारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी पूरी जानकारी

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए डीएसपी वेस्ट वन सुचित्रा कुमारी ने बताया कि 12 जुलाई 2026 को दर्ज प्राथमिकी के आधार पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले आरोपी को पकड़ा और फिर काजी मोहम्मदपुर तथा नगर थाना क्षेत्र के ब्यूटी पार्लरों से दो लापता नाबालिगों का सफल रेस्क्यू किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्यूटी पार्लर के नाम पर जिस्मफरोशी का धंधा चलाने वाले 11 लोगों (10 महिला, 1 पुरुष) को जेल भेजा जा रहा है। डीएसपी ने कहा कि शहर में चल रहे सभी ब्यूटी पार्लरों और स्पै सेंटरों की गहन जांच शुरू कर दी गई है और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी बख्शा नहीं जाएगा।

मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट