मुजफ्फरपुर: लापता दो चचेरी बहनों के शव ईंट भट्ठे से बरामद, सीसीटीवी से हुआ मौत का खुलासा

लापता दो चचेरी बहनों के शव ईंट भट्ठे से बरामद- फोटो : मनीभूषण शर्मा

Muzaffarpur : जिले के रामपुरहरी थाना क्षेत्र के मकसूदपुर पंचायत में पिछले 48 घंटों से लापता दो मासूम चचेरी बहनों का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार को घर से पूजा देखने निकलीं इन बच्चियों के शव बुधवार को घर से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित एक ईंट भट्ठे के गड्ढे से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किए गए। शुरुआत में हत्या की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज ने इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझा दी है।

पूजा देखने निकली थीं दोनों मासूम 

पूरी घटना रामपुरहरी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 6 की है। जानकारी के अनुसार, राजेश राय की 12 वर्षीय पुत्री मौसमी कुमारी और वीर चंद्र कुमार की 7 वर्षीय पुत्री रुचि कुमारी सोमवार को घर के पास हो रही पूजा देखने के लिए निकली थीं। काफी देर तक जब दोनों घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। कहीं पता न चलने पर परिजनों ने स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस लगातार उनकी खोजबीन कर रही थी।


संदिग्ध स्थिति में मिले शव, जुटी भारी भीड़ 

लापता होने के 48 घंटे बाद बुधवार को दोनों बच्चियों के शव ईंट भट्ठे के पास पानी से भरे एक गड्ढे में तैरते हुए मिले। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने बच्चियों के साथ अनहोनी और हत्या की आशंका जाहिर की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएसपी ईस्ट-1 अलय वत्स और रामपुरहरी थाना प्रभारी ने दल-बल के साथ पहुंचकर जांच शुरू की।


सीसीटीवी फुटेज ने पलटा पूरा मामला 

पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल पर एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही थी। इसी बीच, घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला गया। सीसीटीवी अवलोकन के दौरान पुलिस को पता चला कि यह हत्या का मामला नहीं है, बल्कि दोनों बच्चियां ईंट भट्ठे के पास बने पोखर में अनियंत्रित होकर गिर गईं और डूबने से उनकी दुखद मौत हो गई।


प्रशासन की अपील और जांच पूरी 

सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब यह स्पष्ट हो गया है कि दोनों मासूमों की जान पानी में डूबने की वजह से गई है। पुलिस ने परिजनों को फुटेज की जानकारी देते हुए सांत्वना दी है। डीएसपी अलय वत्स ने बताया कि पुलिस ने सभी तकनीकी साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


मणिभूषण की रिपोर्ट