मुजफ्फरपुर में 30 यात्रियों से भरी बस बनी आग का गोला, मची चीख-पुकार,बाल-बाल बचे लोग

Bihar Bus Fire: 30 यात्रियों से भरी एक यात्री बस अचानक धू-धूकर जलने लगी। ...

यात्रियों से भरी बस बनी आग का गोला- फोटो : reporter

Bihar Bus Fire: मुजफ्फरपुर में मंगलवार की देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब 30 यात्रियों से भरी एक यात्री बस अचानक धू-धूकर जलने लगी। बस में सवार यात्रियों को जब आग लगने की भनक लगी तो मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि, गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के मुताबिक, यात्री बस मोतिहारी से पटना की ओर जा रही थी। इसी दौरान मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र स्थित बर्जी फ्लाईओवर के ऊपर अचानक बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप अख्तियार कर लिया और पूरी बस आग की लपटों में घिरने लगी।

आग लगते ही बस में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में बस धू-धूकर जलने लगी और फ्लाईओवर पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। सबसे राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 30 यात्री बाल-बाल बच गए। अगर आग फैलने के बाद यात्रियों को बस से निकलने में जरा भी देर होती, तो हादसा बेहद भयावह हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने की कवायद की जा रही है। बस में अचानक लगी आग ने यात्री वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और उनकी तकनीकी जांच को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा