Bihar News : ललाट पर चंदन.. गले में चुनरी के साथ माता की भक्ति में रंगे दिखे मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी, विधि व्यवस्था का लिया जायजा

Bihar News : मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी का एक बेहद अनूठा और मानवीय रूप देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था की चाक-चौबंद निगरानी के बीच वे मां की भक्ति में पूरी तरह रंगे नजर आए....पढ़िए आगे

भक्ति के रंग में सिटी एसपी - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : कोलकाता में हुई दर्दनाक दुर्घटना के बाद मुजफ्फरपुर में जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गए हैं। जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अधिकारी लगातार विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।


नवरात्रि के नौवें दिन यानी मां सिद्धिदात्री की पूजा के अवसर पर शहर के अलग-अलग पूजा पंडालों में भक्तों का भारी जनसैलाब देखने को मिल रहा है। इस अपार भीड़ को नियंत्रित करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएम कुमार गौरव, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा, डीएसपी अलय वत्स और सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी खुद मैदान में उतरकर पंडालों का जायजा ले रहे हैं। स्थानीय पुलिस के साथ अतिरिक्त बलों की तैनाती कर वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाल रखा है।

निरीक्षण के दौरान मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी का एक बेहद अनूठा और मानवीय रूप देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था की चाक-चौबंद निगरानी के बीच वे मां की भक्ति में पूरी तरह रंगे नजर आए। कई पंडालों में निरीक्षण के दौरान उनके माथे पर तिलक और गले में माता की चुनरी उनकी गहरी आस्था को बयां कर रही थी। 

इस दौरान उन्होंने आम जनता को आश्वस्त किया कि पुलिस हर समय उनकी सेवा के लिए तत्पर है और लोग पूरी शांति व सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा का आनंद लें।

मणिभूषण की रिपोर्ट