Muzaffarpur Crime News: रिश्वत मांगने के आरोप में ASI निलंबित, SSP कांतेश कुमार मिश्रा का सख्त एक्शन

भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए मुजफ्फरपुर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने हथौड़ी थाने के ASI रामप्रवेश प्रसाद को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। आरोपी ASI पर केस अनुसंधान के दौरान रिश्वत मांगने का आरोप था,

SSP मुजफ्फरपुर ने रिश्वत मांगने के आरोप में ASI को किया निलंबित- फोटो : Reporter

मुजफ्फरपुर जिले में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त फैसलों के लिए जाने जाने वाले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा ने रिश्वत मांगने के आरोपी एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस कप्तान की इस कड़ी कार्रवाई से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।


थाना प्रभारी की रिपोर्ट पर हुई बड़ी कार्रवाई

पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाने से जुड़ा हुआ है। हथौड़ी थानाध्यक्ष द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को एक गोपनीय रिपोर्ट सौंपी गई थी। इस रिपोर्ट में बताया गया कि हथौड़ी थाना कांड संख्या 167/26 के जांच अधिकारी (अनुसंधानकर्ता) ASI रामप्रवेश प्रसाद द्वारा मामले के एक आरोपी से केस में रियायत देने के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही थी।


जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने लिया तत्काल एक्शन

थानाध्यक्ष से प्राप्त रिपोर्ट की समीक्षा करने के बाद पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया। आरोपों को अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार का गंभीर मामला मानते हुए उन्होंने बिना किसी देरी के ASI रामप्रवेश प्रसाद के निलंबन का आदेश जारी कर दिया। पुलिस विभाग में इस तरह की पारदर्शी और त्वरित कार्रवाई की चर्चा हर तरफ हो रही है।


भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता पर सख्त संदेश

कार्रवाई के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस कप्तान ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में किसी भी स्तर पर रिश्वतखोरी, भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता के साथ पारदर्शिता और न्यायपूर्ण व्यवहार ही पुलिस की पहली प्राथमिकता रहेगी।

मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट