Muzaffarpur Crime: महिला से पर्स छिनतई, स्थानीय लोगों ने 3 अपराधियों को पकड़ा, मोबाइल और बाइक जब्त

मुजफ्फरपुर के गायघाट थाना क्षेत्र के सुरा गांव में बाइक सवार तीन बदमाशों ने राह चलती महिला रिंकू देवी से पर्स छीन लिया। महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए तीनों को दबोच लिया और जमकर पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया।

मुजफ्फरपुर में महिला से पर्स छिनतई, भाग रहे बदमाशों को पब्लिक ने पकड़ पुलिस को सौपा - फोटो : Reporter

मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के सुरा गांव में कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए बाइक सवार तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े एक राह चलती महिला से पर्स छीन लिया. पीड़ित महिला की पहचान रिंकू देवी के रूप में हुई है, जो पैदल कहीं जा रही थीं. अपराधियों ने उन्हें अकेला पाकर अचानक झपट्टा मारा और उनका पर्स छीनकर बाइक से भागने की कोशिश करने लगे.


महिला ने मचाया शोर, स्थानीय लोगों ने साहस दिखाकर तीनों बदमाशों को दबोचा

पर्स छिनते ही पीड़ित महिला रिंकू देवी ने बिना वक्त गंवाए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया. महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय ग्रामीण तुरंत हरकत में आ गए. ग्रामीणों ने गजब के साहस का परिचय देते हुए भाग रहे बाइक सवार तीनों बदमाशों को चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया और पुलिस को सूचना देने से पहले उनकी जमकर धुनाई कर दी.


मौके पर पहुंची गायघाट थाना पुलिस: चंगुल से छुड़ाकर किया गिरफ्तार

इसी बीच पूरे घटनाक्रम की जानकारी गायघाट थाना अध्यक्ष जे.पी. गुप्ता को मिली. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्होंने तत्काल पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया. घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने तीनों बदमाशों को आक्रोशित लोगों के चंगुल से छुड़ाकर अपनी हिरासत में लिया और थाने ले आई. पुलिस गिरफ्त में आए युवकों की पहचान गायघाट निवासी राजा कुमार, राहुल कुमार और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है.


लूटा गया सामान और बाइक बरामद, अपराधियों को भेजा गया जेल

मामले की आधिकारिक जानकारी देते हुए डीएसपी ईस्ट वन (DSP East 1) अलय वत्स ने बताया कि पकड़े गए अपराधियों के पास से महिला से छीना गया पर्स सुरक्षित बरामद कर लिया गया है. इस पर्स में महिला का मोबाइल फोन, नकदी और कुछ जरूरी कागजात मौजूद थे. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है. पुलिसिया पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

रिपोर्ट - मणिभूषण