Bihar High Voltage Drama: मुजफ्फरपुर में हाईवोल्टेज ड्रामा, बिजली टावर पर चढ़ी युवती, दूसरी युवती से शादी की जिद पर अड़ी, प्रशासन में मची अफरा-तफरी
Bihar High Voltage Drama: एक युवती हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई।युवती कथित तौर पर दूसरी युवती से शादी करने की जिद पर अड़ी हुई है। ......
Bihar High Voltage Drama: मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के गुलाबपट्टी गांव में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवती हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई। घटना की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवती कथित तौर पर दूसरी युवती से शादी करने की जिद पर अड़ी हुई है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल युवती की पहचान, उसकी मांग और पूरे विवाद की वास्तविक वजह को लेकर जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी और अन्य संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने युवती को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू कर दी। किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
हाईटेंशन टावर पर युवती के चढ़ने की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए, जिससे मौके पर भीड़ बढ़ गई। पुलिस लगातार लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील कर रही है ताकि राहत एवं बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।
फिलहाल प्रशासन का पूरा फोकस युवती को सुरक्षित नीचे उतारने पर है। वहीं, युवती आखिर कहां की रहने वाली है, उसकी मांग क्या है और टावर पर चढ़ने के पीछे की असली वजह क्या है, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पूरे मामले की जांच जारी है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा