Muzaffarpur News: यूपी से शराब की खेप ला रही 5 महिला तस्कर गिरफ्तार, उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई

यूपी से ट्रेन से शराब की खेप लेकर छपरा उतरीं और फिर ऑटो से मुजफ्फरपुर आ रही 5 महिला तस्करों को उत्पाद विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सभी महिलाएं मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर (अखाड़ाघाट) की रहने वाली हैं।

यूपी से शराब की खेप ला रही 5 महिला तस्कर गिरफ्तार- फोटो : Reporter

मुजफ्फरपुर। बिहार में शराबबंदी के बीच शराब तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर अवैध शराब की खेप राज्य में लाने की कोशिश कर रहे हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर जिले से सामने आया है, जहाँ उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश से ट्रेन के जरिए शराब लाकर तस्करी करने वाली 5 महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है।


छपरा से ऑटो लेकर मुजफ्फरपुर आ रही थीं तस्कर

उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि महिला तस्करों का एक गिरोह यूपी से ट्रेन में विदेशी शराब की खेप लेकर निकला है और छपरा स्टेशन पर उतरने के बाद ऑटो से मुजफ्फरपुर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही एएसआई (ASI) नीरज कुमार और एएसआई (ASI) रिंकू कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सदर थाना क्षेत्र के पताही के पास छपरा-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर जांच शुरू की।


ऑटो चालक को भी नहीं हुई खबर, 5 महिला तस्कर गिरफ्तार

मार्ग पर घेराबंदी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ऑटो को रोककर जब उसकी गहन तलाशी ली, तो उसमें सवार 5 महिलाओं के पास से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। महिला तस्कर इतनी शातिर थीं कि जिस ऑटो से वे छपरा से मुजफ्फरपुर पहुँचीं, उसके चालक तक को इस बात की भनक नहीं थी कि गाड़ी में शराब की खेप ले जाई जा रही है।


अखाड़ाघाट की रहने वाली हैं सभी आरोपी

गिरफ्तार सभी पाँचों महिला तस्कर मुजफ्फरपुर जिले के सिकंदरपुर ओपी थाना क्षेत्र के अखाड़ाघाट की निवासी हैं। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि ये महिलाएं काफी समय से यूपी से ट्रेन के जरिए शराब की तस्करी कर मुजफ्फरपुर में बेचने का काम कर रही थीं। उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ की जा रही है और गिरोह के अन्य नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट