Govind Sharma Murder Case: मुख्य शूटर बाबुल चौधरी दरभंगा से गिरफ्तार, कबूला जुर्म

मुफ्फरपुर के चर्चित गोविंद शर्मा हत्याकांड में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी! हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला मुख्य शूटर बाबुल चौधरी दरभंगा से गिरफ्तार। पैसों और जमीन के विवाद में सरेआम अपार्टमेंट में भून डाला था। पुलिस पूछताछ में खुलेंगे कई बड़े राज।

मुजफ्फरपुर गोविंद शर्मा हत्याकांड शूटर बाबुल चौधरी गिरफ्तार- फोटो : news 4 nation

बिहार के मुजफ्फरपुर से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा की हत्या के मुख्य आरोपी बाबुल चौधरी को बिहार पुलिस की विशेष टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई पड़ोसी जिले दरभंगा में छापेमारी कर की है। गौरतलब है कि रविवार की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र स्थित आइकॉन टावर अपार्टमेंट में गोविंद शर्मा की अंधाधुंध गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में मुख्य शूटर की गिरफ्तारी को पुलिस की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।


'मैं नहीं मारता तो वो मुझे मार देता'—ऑडियो जारी कर कुबूला था गुनाह

गिरफ्तार आरोपी बाबुल चौधरी किसी जमाने में मृतक गोविंद शर्मा का बेहद करीबी माना जाता था और दोनों मंटू शर्मा गिरोह से जुड़े हुए थे। वारदात के बाद बाबुल चौधरी का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उसने सरेआम हत्या की जिम्मेदारी ली थी। उस ऑडियो में बाबुल ने साफ-साफ कहा था कि उसने ही गोविंद शर्मा को मारा है, क्योंकि अगर वह पहले कदम नहीं उठाता तो गोविंद उसकी हत्या कर देता। इस आपसी रंजिश के कबूलनामे के बाद से ही पुलिस की विशेष टीम उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।


सीढ़ियों पर गोलियों से भूना, मृतक की पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

हत्याकांड की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जब गोविंद शर्मा अपार्टमेंट में अपने कमरे की ओर जा रहा था, तभी सीढ़ियों के पास अपराधियों ने उसे घेर लिया। गोविंद ने खुद को बचाने के लिए हमलावरों पर कुर्सी भी फेंकने की कोशिश की, लेकिन शूटरों ने उसे संभलने का मौका नहीं दिया और गोलियों से भून डाला। इस मामले में मृतक की पत्नी ने नगर थाने में तीन लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी। पत्नी ने गोविंद की पटना में रहने वाली एक कथित महिला मित्र (गर्लफ्रेंड) पर भी मुखबिरी करने और हत्या की साजिश में शामिल होने का गंभीर शक जताया है।