धरी रह गई तैयारी धडकनों ने दिया धोखा : तीसरी शादी से पहले दूल्हे की हार्ट अटैक से मौत,CCTV वीडियो वायरल

बिहार के मुजफ्फरपुर के कुढ़नी में अपनी तीसरी शादी की तैयारी कर रहे 43 वर्षीय रंजीत भगत की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बाजार जाते समय हुई इस घटना का खौफनाक सीसीटीवी वीडियो वायरल हो रहा है।

तीसरी शादी से पहले दूल्हे की हार्ट अटैक से मौत- फोटो : news 4 nation

मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के केरमा गांव में उस वक्त मातम पसर गया, जब अपनी तीसरी शादी की तैयारी कर रहे 43 वर्षीय रंजीत भगत की अचानक मौत हो गई। रंजीत की शादी 13 मई को कांटी थाना क्षेत्र में होनी थी और घर में बैंड-बाजे व उत्सव का माहौल था। शादी की रस्मों और पूजा के लिए सामान खरीदने बाजार निकले दूल्हे की खुशियां पल भर में ही चीख-पुकार में बदल गईं।


बाजार जाते समय पड़ा दिल का दौरा

घटना के वक्त रंजीत भगत बाजार से कुछ जरूरी सामान लाने के लिए निकले थे। रास्ते में अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वह सड़क पर ही गिर पड़े। महज कुछ ही मिनटों के भीतर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस पूरी हृदयविदारक घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें उन्हें अचानक लड़खड़ाते और गिरते हुए देखा जा सकता है।


वैवाहिक जीवन में रहा उतार-चढ़ाव

वैशाली जिले के एक कॉलेज में कार्यरत रंजीत भगत का निजी जीवन काफी संघर्षपूर्ण रहा था। उनकी पहली शादी समस्तीपुर की एक युवती से हुई थी, लेकिन शिक्षिका की नौकरी लगने के बाद पत्नी ने उनसे अलग होने का फैसला कर लिया। इसके बाद उन्होंने वैशाली जिले में दूसरी शादी की, लेकिन वह रिश्ता भी ज्यादा समय नहीं चला और दूसरी पत्नी भी उन्हें छोड़कर चली गई।


अकेलेपन को दूर करने की थी कोशिश

दो शादियां टूटने के बाद रंजीत काफी अकेलापन महसूस कर रहे थे और इसी अकेलेपन को खत्म करने के लिए वह तीसरी बार घर बसाने की तैयारी में जुटे थे। तीन भाइयों में से रंजीत ही ऐसे थे जिनका घर बार-बार उजड़ रहा था। परिजनों को उम्मीद थी कि इस बार उनका जीवन संवर जाएगा, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और शादी के मंडप में बैठने से पहले ही उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।

रिपोर्ट - मणि भूषण