Bihar News:मुजफ्फरपुर हॉस्पिटल अग्निकांड में बढ़ा मौतों का आंकड़ा, ICU में दम घुटने से रेफर मरीज ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या पहुंची 6

Bihar News:मुजफ्फरपुर के चर्चित हॉस्पिटल अग्निकांड मामले में एक और दुखद खबर सामने आई है।...

मुजफ्फरपुर हॉस्पिटल अग्निकांड में बढ़ा मौतों का आंकड़ा- फोटो : social Media

Bihar News:मुजफ्फरपुर के चर्चित हॉस्पिटल अग्निकांड मामले में एक और दुखद खबर सामने आई है। अस्पताल के आईसीयू में लगी आग के बाद दम घुटने से गंभीर रूप से प्रभावित मरीज बृजनंदन राय की इलाज के दौरान मौत हो गई है। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। जिला प्रशासन ने भी छह मौतों की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।

जानकारी के अनुसार, अग्निकांड के दौरान आईसीयू में भर्ती कई मरीज धुएं और जहरीली गैसों की चपेट में आ गए थे। इनमें बृजनंदन राय की हालत काफी गंभीर हो गई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया था, जहां चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।इस हादसे ने एक बार फिर अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आईसीयू जैसे संवेदनशील वार्ड में आग लगने के कारण मरीजों और उनके परिजनों के बीच अफरा-तफरी मच गई थी। कई मरीजों को तत्काल दूसरे वार्डों और अस्पतालों में शिफ्ट करना पड़ा था।

घटना के बाद जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) तुषार कुमार ने छह लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित एजेंसियों को जांच का जिम्मा सौंपा गया है।स्थानीय लोगों और मृतकों के परिजनों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि अस्पताल में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया गया होता तो शायद इतनी बड़ी जनहानि नहीं होती। वहीं प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल अग्निकांड की इस त्रासदी ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे जिले में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि आखिर आईसीयू में आग लगने की वजह क्या थी और इस हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है।फिलहाल प्रशासन की ओर से प्रभावित मरीजों के उपचार और उनके परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है, जबकि हादसे की जांच तेज कर दी गई है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा