Muzaffarpur illegal soil mining: मुजफ्फरपुर में अवैध मिट्टी खनन पर बड़ा एक्शन! JCB समेत 4 ट्रैक्टर जब्त, मचा हड़कंप

Muzaffarpur illegal soil mining: मुजफ्फरपुर के गायघाट में सरकारी जमीन से कथित अवैध मिट्टी खनन पर पुलिस ने कार्रवाई की। छापेमारी में एक जेसीबी और चार ट्रैक्टर जब्त किए गए।

Muzaffarpur illegal soil mining: मुजफ्फरपुर में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गायघाट थाना क्षेत्र के असिया मन में सरकारी जमीन से कथित तौर पर मिट्टी निकालने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक जेसीबी और चार ट्रैक्टर जब्त किए। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद खनन से जुड़े लोग और वाहन चालक मौके से निकल गए।


गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी


जानकारी के अनुसार, गायघाट थानाध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता को सूचना मिली थी कि असिया मन इलाके में सरकारी जमीन से अवैध तरीके से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद उन्होंने मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके में छापेमारी शुरू की तो वहां खनन में इस्तेमाल की जा रही जेसीबी और चार ट्रैक्टर मिले। पुलिस ने सभी वाहनों को अपने कब्जे में लेकर गायघाट थाने पहुंचाया।


पुलिस को देखते ही मौके से भागे लोग


छापेमारी की जानकारी मिलते ही कथित तौर पर अवैध खनन में शामिल लोग और वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल जब्त वाहनों के आधार पर भी पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी जमीन से मिट्टी निकालने के पीछे कौन लोग हैं और इस काम में किन-किन लोगों की भूमिका रही है। जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


एसएसपी ने कहा- दोषियों को नहीं मिलेगी राहत


मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि गायघाट थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सरकारी जमीन से अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने के मामले में कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से एक जेसीबी और चार ट्रैक्टर जब्त किए हैं। एसएसपी के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। जांच में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन से जुड़े मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।


मुजफ्फरपुर से मनीभूषण शर्मा की रिपोर्ट