मुजफ्फरपुर में हाई अलर्ट के बीच इंटरनेट बहाल, DM-SSP की कड़ी निगरानी ,उपद्रवियों पर कड़ी कार्रवाई का ऐलान

Bihar Bandh: प्रशासन ने जनहित को ध्यान में रखते हुए इंटरनेट सेवा पर लगी पाबंदी हटाने की सिफारिश गृह विभाग से की, जिसके बाद इंटरनेट सुविधा बहाल कर दी गई।...

मुजफ्फरपुर में हाई अलर्ट के बीच इंटरनेट बहाल- फोटो : reporter

Bihar Bandh: मुजफ्फरपुर में विधि-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी मुस्तैदी बढ़ा दी है। बिहार बंद के आह्वान के बाद संभावित उपद्रव, अफवाह और सोशल मीडिया के जरिए माहौल बिगाड़ने की साजिश को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा का शिकंजा कस दिया था। शुक्रवार देर शाम जिलाधिकारी गौरव कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक ने जिले के तमाम आला अधिकारियों के साथ हाई लेवल मीटिंग कर हालात का जायजा लिया।प्रशासन ने जनहित को ध्यान में रखते हुए इंटरनेट सेवा पर लगी पाबंदी हटाने की सिफारिश गृह विभाग से की, जिसके बाद इंटरनेट सुविधा बहाल कर दी गई।

बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, थानाध्यक्षों और अन्य अधिकारियों से जमीनी हालात की रिपोर्ट ली गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में स्थिति काबू में है और कहीं भी कानून व्यवस्था बिगड़ने जैसी कोई बड़ी वारदात सामने नहीं आई है। इसके बाद प्रशासन ने जनहित को ध्यान में रखते हुए इंटरनेट सेवा पर लगी पाबंदी हटाने की सिफारिश गृह विभाग से की, जिसके बाद इंटरनेट सुविधा बहाल कर दी गई।

प्रशासन का कहना है कि बंद के दौरान कुछ शरारती तत्व सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की फिराक में थे। इसी आशंका को देखते हुए मुजफ्फरपुर के शहरी इलाकों में इंटरनेट और सोशल मीडिया गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगाई गई थी। पुलिस और प्रशासन की पैनी नजर हर गतिविधि पर बनी हुई थी।डीएम और एसएसपी ने साफ कर दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले के सभी थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त तेज कर दी गई है।

प्रशासन ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखना पहली प्राथमिकता है। अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की निगाह है। किसी भी तरह की साजिश या अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।मुजफ्फरपुर में फिलहाल हालात सामान्य हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह चौकन्नी हैं। प्रशासन की सख्ती और पुलिस की निगरानी के चलते जिले में अमन-चैन कायम रखने की कोशिश जारी है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा