Muzaffarpur Crime: मां-बेटे के सामने स्वर्ण व्यवसायी को मारी गोली,जांच के लिए पहुंचे DIG और SSP, SIT गठित
बिहार के मुजफ्फरपुर में लूट में नाकाम बदमाशों ने आभूषण कारोबारी दीपक कुमार साह की पत्नी और बेटे के सामने गोली मारकर हत्या कर दी। मामले की गंभीरता को देख तिरहुत रेंज के DIG और SSP ने घटनास्थल का दौरा कर SIT का गठन किया है।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सोमवार की शाम कच्ची पक्की ओपी थाना क्षेत्र के माधोपुर में बाइक सवार अपराधियों ने लूटपाट में असफल होने पर एक आभूषण कारोबारी की उनकी पत्नी और बेटे के सामने ही गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात की गंभीरता को देखते हुए तिरहुत रेंज के डीआईजी (DIG) चंदन कुशवाहा और मुजफ्फरपुर के एसएसपी (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा खुद घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की बारीकी से जांच की। पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है।
विरोध करने पर पत्नी और बेटे के सामने बरसाईं गोलियां
पूरा मामला सोमवार की शाम का है, जब माधोपुर हाट स्थित अपनी दुकान बंद कर आभूषण कारोबारी दीपक कुमार साह घर लौट रहे थे। घर से महज 50 मीटर पहले ही अपाचे बाइक पर सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और आभूषणों से भरा बैग लूटने का प्रयास किया। दीपक कुमार साह ने जब इसका पुरजोर विरोध किया, तो अपराधियों और उनके बीच काफी देर तक हाथापाई होती रही। शोर सुनकर कारोबारी की पत्नी चिल्लाने लगी और बेटा पिता को बचाने के लिए दौड़ा। खुद को घिरता देख और लूट में नाकाम होने पर अपराधियों ने मां-बेटे के सामने ही दीपक कुमार साह पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं और फरार हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने कारोबारी को मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल पर छूटी अपराधियों की पिस्टल, चप्पल और टोपी
स्थानीय लोगों और परिजनों के कड़े विरोध के कारण अपराधी आभूषणों से भरा बैग लूटने में पूरी तरह असफल रहे। हड़बड़ाहट में अपनी जान बचाकर भागने के क्रम में अपराधियों की पिस्टल, चप्पल और टोपी घटनास्थल पर ही छूट गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश को देखते हुए कच्ची पक्की ओपी सहित करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस, अतिरिक्त पुलिस बल, सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी और डीएसपी मौके पर पहुंचे। पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है और एसटीएफ (STF) व एसआईटी की टीमें तैनात कर दी गई हैं।
डीआईजी ने किया एसआईटी (SIT) का गठन, जल्द गिरफ्तारी का दावा
तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुशवाहा ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि यह बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला है। अपराधियों की पहचान और त्वरित गिरफ्तारी के लिए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन करने का निर्देश जारी कर दिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाल रही है और अपराधियों के भागने की दिशा में ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। डीआईजी ने दावा किया कि वारदात में शामिल अपराधी चाहे जो भी हों, वे जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे और सलाखों के पीछे भेजे जाएंगे।
रिपोर्ट - मणिभूषण