मुजफ्फरपुर में सावन की तीसरी सोमवारी से पूर्व बड़ी वारदात,जलाभिषेक करने जा रहे कांवरिया की गोली मारकर हत्या,मचा कोहराम
मुजफ्फरपुर में सावन की तीसरी सोमवारी से पूर्व पारू थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरा में जलाभिषेक करने जा रहे कांवरिया की गोली मारकर हत्या। पारिवारिक विवाद में घटना को अंजाम देने की आशंका। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी।सरैया SDPO ने की घटना की पुष्टि।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सावन की तीसरी सोमवारी से ठीक पहले जलाभिषेक करने जा रहे एक कांवरिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात सरैया अनुमंडल अंतर्गत पारू थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरा गांव की है। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था व तैयारियों पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
पारिवारिक विवाद में वारदात को दिया गया अंजाम
शुरुआती जांच और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस खौफनाक वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद का मामला सामने आ रहा है। बदमाशों ने मौका देखकर कांवरिया को निशाना बनाया और गोलीबारी कर उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके के लिए रवाना
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन के कई वरीय अधिकारी दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच करने में जुट गई है।
एसडीपीओ ने की घटना की पुष्टि
सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर ने घटना की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हत्या में शामिल आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस बल को सतर्क कर दिया गया है।
मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट