Muzaffarpur Love Story: इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद आधी रात मिलने पहुंचा प्रेमी, ग्रामीणों ने कराई शादी

मुजफ्फरपुर के अहियापुर में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद आधी रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। घर में ही शादी कराने का वीडियो वायरल, पुलिस ने बॉन्ड भरवाकर छोड़ा।

मुजफ्फरपुर में आधी रात को हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा- फोटो : Reporter

मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अब्दुल नगर गांव में आधी रात को एक हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। बोचहा थाना क्षेत्र का रहने वाला एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचा था। हालांकि, युवक के आने की भनक लड़की के परिजनों को लग गई, जिसके बाद उन्होंने युवक को मौके पर ही पकड़ लिया।


सोशल मीडिया से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच संपर्क करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के माध्यम से हुआ था। धीरे-धीरे बातचीत का यह सिलसिला प्रेम संबंध में बदल गया। इसी प्यार के चक्कर में प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने की जिद में देर रात उसके गांव पहुंच गया था, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों की सतर्कता के कारण पकड़ा गया।


ग्रामीणों ने घर में ही संपन्न कराई शादी

युवक के पकड़े जाने की खबर जंगल में आग की तरह पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने आपसी सहमति से दोनों की शादी कराने का फैसला लिया। इसके बाद लड़की के घर में ही शादी के गीत गाते हुए सिंदूर मंगवाया गया और युवक से युवती की मांग भरवाकर विवाह की रस्में पूरी कराई गईं।


सोशल मीडिया पर वायरल हुआ शादी का वीडियो

इस अनोखी शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्रामीणों की मौजूदगी और घर के भीतर शादी की रस्में पूरी होती साफ दिखाई दे रही हैं। देखते ही देखते यह पूरा घटनाक्रम स्थानीय लोगों के बीच चर्चा और कौतुहल का विषय बन गया।


पुलिस की जांच और बॉन्ड भरवाकर रिहाई

मामले की सूचना मिलते ही अहियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक-युवती को ग्रामीणों के बीच से निकालकर थाने ले आई। पुलिस जांच में पाया गया कि प्रेमी युगल पूरी तरह बालिग हैं। इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मुखिया की मौजूदगी में दोनों पक्षों से बॉन्ड भरवाकर उन्हें सुरक्षित छोड़ दिया गया।