Muzaffarpur Liquor: मुजफ्फरपुर में बड़ा एक्शन, 12 हजार लीटर जब्त शराब पर चला बुलडोजर

Muzaffarpur Liquor: मुजफ्फरपुर उत्पाद थाना परिसर में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 12000 लीटर जब्त शराब पर बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया। शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग और पुलिस का अभियान जारी।

Muzaffarpur Liquor: मुजफ्फरपुर में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को उत्पाद थाना परिसर में बड़ी कार्रवाई करते हुए जब्त की गई भारी मात्रा में शराब को बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया गया। इस दौरान उत्पाद विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर उत्पाद थाना परिसर में करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य की शराब का विनष्टीकरण किया गया। शराब को बुलडोजर से नष्ट करने की प्रक्रिया प्रशासन की निगरानी में पूरी की गई। इस दौरान प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट, टाउन डीएसपी, उत्पाद इंस्पेक्टर और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

बताया गया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी को सफल बनाने के लिए मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग और पुलिस लगातार शराब माफियाओं और अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत अलग-अलग मामलों में जब्त शराब को नष्ट किया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर उत्पाद विभाग ने विभिन्न मामलों में जब्त करीब 8700 लीटर शराब को नष्ट किया। वहीं बेला थाना पुलिस द्वारा अलग-अलग मामलों में जब्त लगभग 3000 लीटर शराब का भी विनष्टीकरण किया गया। कुल मिलाकर करीब 12000 लीटर शराब पर बुलडोजर चलाया गया।

बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे

यह कार्रवाई कलमबाग चौक स्थित उत्पाद विभाग कार्यालय परिसर में की गई। मौके पर महेंद्र शुक्ला, सुरेश कुमार, दीपक कुमार सिंह, बेला थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सुरेश कुमार ने बताया कि उत्पाद विभाग और बेला थाना पुलिस द्वारा जब्त करीब 12000 लीटर शराब का आज सफलतापूर्वक विनष्टीकरण किया गया। वहीं दीपक कुमार सिंह ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर उत्पाद विभाग ने अलग-अलग कांडों में जब्त करीब 8700 लीटर शराब को नष्ट किया, जबकि बेला थाना पुलिस ने करीब 3000 लीटर शराब का विनष्टीकरण किया। प्रशासन का कहना है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

मुजफ्फरपुर से मनीभूषण शर्मा