Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में प्रेम विवाह का खौफनाक अंत! गुंजा की मौत के बाद भड़के मायके वाले, दरवाजे पर किया अंतिम संस्कार

मुजफ्फरपुर के मुसहरी थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के 7 महीने बाद नवविवाहिता गुंजा कुमारी की संदिग्ध मौत। आक्रोशित मायके वालों ने ससुराल के दरवाजे पर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

मुजफ्फरपुर में प्रेम विवाह का खौफनाक अंत,नवविवाहिता गुंजा कुमारी की संदिग्ध मौत- फोटो : Reporter
मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत राजवाड़ा डीह वार्ड संख्या 7 से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ कांटी थाना क्षेत्र की रहने वाली गुंजा कुमारी की अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गुंजा का पलटन पासवान के पुत्र कुंदन पासवान के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसके बाद महज 7 महीने पहले ही दोनों की शादी हुई थी।

बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम


ससुराल में नवविवाहिता की मौत की सूचना मिलते ही गुंजा के मायके वाले बदहवास स्थिति में राजवाड़ा डीह पहुंचे। बेटी का शव देखते ही परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

आक्रोशित परिजनों ने ससुराल के दरवाजे पर किया अंतिम संस्कार


पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को मिला, तो उनका गुस्सा चरम पर पहुंच गया। आक्रोशित मायके वालों ने गुंजा का शव सीधे उसके ससुराल के मुख्य दरवाजे पर रख दिया और वहीं उसका अंतिम संस्कार कर दिया। दरवाजे पर शव का दाह संस्कार किए जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भारी तनाव की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन लोग नहीं माने।

पुलिस ने जांच शुरू की, एसडीपीओ का बयान आया सामने

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर एसडीपीओ ईस्ट-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आ चुका है। पुलिस पूरी घटना की सघनता से जांच कर रही है और मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद है।


मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट