Muzaffarpur Jeevika Didi: मुजफ्फरपुर में बड़ा फर्जीवाड़ा! जीविका दीदियों के नाम पर लिया ₹2.67 करोड़ का लोन, एक गिरफ्तार
Muzaffarpur Jeevika Didi: मुजफ्फरपुर में जीविका दीदियों के नाम पर मशरूम हाट के लिए 2.67 करोड़ रुपये का लोन लेने के मामले में आरोपी आशुतोष मंगलम गिरफ्तार हुआ है, जबकि उसकी बहन फरार है।
Muzaffarpur Jeevika Didi: मुजफ्फरपुर में मशरूम हाट खोलने के नाम पर जीविका दीदियों के साथ कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में आरोपी आशुतोष कुमार मंगलम को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं उसकी बहन शिवानी कुमारी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है और उसकी तलाश जारी है। दोनों के खिलाफ करीब 2.67 करोड़ रुपये के गबन और धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, भाई-बहन ने एक निजी कंपनी बनाकर जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं को मशरूम की खेती और बिक्री के जरिए अच्छी कमाई का भरोसा दिया था। इसके बाद उनके नाम पर बैंक से बड़ी रकम का लोन कराया गया। आरोप है कि लोन की रकम लेने के बाद दोनों फरार हो गए।
मशरूम हाट के नाम पर लिया गया लोन
मामला स्मार्ट ग्रेविटी एग्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि कंपनी के जरिए मुजफ्फरपुर के बोचहां, मुसहरी और सरैया के साथ गोपालगंज की जीविका दीदियों को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत मशरूम स्मार्ट हाट लगाने का प्रस्ताव दिया गया।
महिलाओं को बताया गया कि मशरूम हाट के जरिए वे अपना कारोबार शुरू कर अच्छी आमदनी कर सकती हैं। इसी भरोसे के आधार पर कई जीविका दीदियों के नाम पर बैंक से लोन कराया गया। पुलिस के अनुसार, अलग-अलग जगहों पर बड़ी संख्या में महिलाओं को इस योजना से जोड़कर करीब 2.67 करोड़ रुपये का लोन उठाया गया।
लोन के बाद दोनों पर फरार होने का आरोप
पुलिस का आरोप है कि बैंक से रकम मिलने के बाद आशुतोष मंगलम और उसकी बहन शिवानी कुमारी वहां से गायब हो गए। इसके बाद मामले की शिकायत अलग-अलग थानों में पहुंची और प्राथमिकी दर्ज की गई। कई जीविका दीदियों के नाम पर लोन होने के कारण मामले में बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पूरी रकम किस तरह इस्तेमाल की गई और इस कथित फर्जीवाड़े में अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं।
सरैया थाना के केस में हुई गिरफ्तारी
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर के मुताबिक, काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के दामुचक निवासी आशुतोष कुमार मंगलम के खिलाफ मशरूम हाट बनाने के नाम पर ढाई करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी राशि के कथित गबन को लेकर जिले के अलग-अलग थानों में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस ने उसे सरैया थाना में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बहन की तलाश में जुटी पुलिस
मामले में आशुतोष की बहन शिवानी कुमारी की गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जांच के दौरान पुलिस बैंक लोन, कंपनी से जुड़े दस्तावेज और जीविका दीदियों के नाम पर कराए गए लेनदेन की भी पड़ताल कर सकती है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर होगी।
मुजफ्फरपुर से मनीभूषण शर्मा की रिपोर्ट