Bihar News: मुजफ्फरपुर में नाबालिग के अपहरण मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बैंड-बाजे के साथ पहुंची आरोपी के घर, चस्पा इश्तेहार
Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नाबालिग से अहरण मामले में आरोपी के घर पर इश्तेहार चस्पाया है। आरोपी को पुलिस ने आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी है।
Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस कार्रवाई सामने आई है। जहां नाबालिग के अपहरण मामले में फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस बैंड-बाजा के साथ उसके घर पहुंची। इस दौरान पुलिस ने आरोपी के घर पर इश्तहार चस्पा कर उसे जल्द आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। दरअसल, मामला बरियापुर थाना क्षेत्र के भारथीपुर गांव का है। जहां पुलिस टीम ने कोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की।
नाबालिग अपहरण मामले में कार्रवाई
बताया जा रहा है कि आरोपी नाबालिग के अपहरण मामले में लंबे समय से फरार चल रहा है और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने बैंड-बाजा बजवाते हुए पूरे गांव में मुनादी कराई, ताकि लोगों को भी इस मामले की जानकारी हो सके। इसके बाद आरोपी के घर पर इश्तहार चस्पा किया गया, जिसमें उसे न्यायालय या थाने में जल्द सरेंडर करने को कहा गया है।
आत्मसमर्पण करने की चेतावनी
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि आरोपी जल्द आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। इस अनोखी कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और पुलिस की इस सख्ती को फरार आरोपियों के लिए बड़ा संदेश माना जा रहा है।
मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट