पटना कांड के बाद जागी पुलिस: मुजफ्फरपुर के छात्रावासों में गूँजा सायरन, छात्राओं की सुरक्षा के लिए डीएसपी ने संभाला मोर्चा
पटना के हॉस्टल में छात्रा की मौत के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस एक्शन मोड में है। डीजीपी के निर्देश पर जिले के सभी छात्रावासों की सुरक्षा जांच और कर्मियों का सत्यापन शुरू कर दिया गया है।
Muzaffarpur - मुजफ्फरपुर पुलिस अब जिले के छात्रावासों (हॉस्टल्स) की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। पटना के शंभू हॉस्टल में नीट छात्रा की मौत के बाद उपजे सुरक्षा सवालों के बीच बिहार के डीजीपी ने सख्त निर्देश जारी किए थे। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर जिले के सभी छात्र-छात्राओं के हॉस्टल्स की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की इस कार्रवाई के तहत संबंधित थानों की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों के छात्रावासों में पहुँच रही हैं। जांच का मुख्य केंद्र सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, सुरक्षा मानकों का पालन और हॉस्टल में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर नियंत्रण है। इसके साथ ही, पुलिस हॉस्टल्स में तैनात सुरक्षाकर्मियों और अन्य कर्मचारियों का भी पुलिस सत्यापन (Verification) कर रही है ताकि किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक की गुंजाइश न रहे।
साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सभी थाना प्रभारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि उनके इलाके के छात्रावास सुरक्षित हों। पुलिस अधिकारी स्वयं हॉस्टल्स का दौरा कर रहे हैं और वहां रह रहे छात्रों, विशेषकर छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य छात्रावासों में एक सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण तैयार करना है।
मुजफ्फरपुर पुलिस के इस कदम से छात्रावास संचालकों में जहां हड़कंप है, वहीं अभिभावकों और छात्रों ने इसे एक सकारात्मक पहल बताया है। डीजीपी के निर्देश के बाद शुरू हुई इस सक्रियता से उम्मीद की जा रही है कि छात्रावासों की आंतरिक व्यवस्था में सुधार होगा और भविष्य में किसी भी अनहोनी को टाला जा सकेगा।
Report - Mani bhushan sharma