मुजफ्फरपुर में बड़ा एक्शन:14 कांडों का आरोपी कुख्यात शराब तस्कर गिरफ्तार, 50 लाख की शराब बरामदगी मामले में गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी,7 अगस्त को पटियासा जलाल गांव से बरामद 50 लाख रुपये की 5000 लीटर विदेशी शराब मामले में मुख्य तस्कर संतोष कुमार कुशवाहा गिरफ्तार। आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 14 आपराधिक मामले। पुलिस ने पूछताछ के बाद भेजा जेल।

मुजफ्फरपुर में 50 लाख की शराब बरामदगी मामले में शातिर तस्कर गिरफ्तार- फोटो : Reporter

मुजफ्फरपुर जिले की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गरहा ओपी थाना पुलिस ने लाखों रुपये मूल्य की अवैध शराब बरामदगी के मामले में मुख्य तस्कर को धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी मीनापुर थाना क्षेत्र का निवासी संतोष कुमार कुशवाहा है, जो घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।


14 से अधिक आपराधिक मुकदमों में रहा है नामजद

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार संतोष कुमार कुशवाहा कोई साधारण तस्कर नहीं बल्कि एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में पूर्व से 14 गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से शराब तस्करी और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों में संलिप्त रहकर पुलिस को चकमा दे रहा था।


5000 लीटर विदेशी शराब जब्त, कारोबारी हुए थे फरार

यह पूरा मामला 7 अगस्त का है, जब पटना मद्य निषेध विभाग की गुप्त सूचना पर गरहा ओपी थाना क्षेत्र के पटियासा जलाल गांव में छापेमारी की गई थी। उस दौरान पुलिस ने एक ट्रक और दो कारों से करीब 5000 लीटर विदेशी शराब बरामद की थी, जिसकी अनुमानित कीमत ₹50 लाख आंकी गई थी। हालांकि, पुलिस के पहुंचते ही आरोपी मौके का फायदा उठाकर भाग निकले थे।


पूछताछ के बाद आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत में

मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ ईस्ट वन अलय वत्स और गरहा ओपी थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संतोष को गिरफ्तार कर लिया गया है। कड़ाई से पूछताछ करने के बाद आरोपी तस्कर को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।