Muzaffarpur News: दुर्गा पूजा मेले में बड़ी वारदात की फिराक में था अपराधी, पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर में पुलिस ने दुर्गा पूजा मेले में बड़ी वारदात को नाकाम कर दिया! बेनीबाद पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक अपराधी को एक पिस्टल और चार कारतूस के साथ धर दबोचा। आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे
मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ एक शातिर अपराधी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया अपराधी दुर्गा पूजा के मेले में किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई और पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गुप्त सूचना पर बेनीबाद पुलिस का एक्शन
मामले की जानकारी देते हुए बेनीबाद थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि रमौली चौक के पास लगे दुर्गा पूजा मेले में एक सशस्त्र अपराधी घूम रहा है। सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत वरीय अधिकारियों को अवगत कराया और दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। इस दौरान मेले में मौजूद संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर धर दबोचा गया।
पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान औराई थाना क्षेत्र निवासी विकास कुमार यादव के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
पुराना आपराधिक इतिहास और न्यायिक हिरासत
एसडीपीओ ईस्ट वन अलय वत्स ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी विकास कुमार यादव का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर जिले के औराई और जजुआर थाने में पहले से भी कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ करने के बाद उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट