Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने नकली सिगरेट फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, 12 लाख रुपये की नकली सिगरेट और पैकिंग सामग्री किया जब्त
Bihar News : मुजफ्फरपुर जिले के तुर्की थाना क्षेत्र के लूक्की नंदलालपुर के सुनसान चौर में चल रहे एक बड़े नकली सिगरेट फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. जहाँ ब्रांडेड कंपनी का नकली सिगरेट बनाया जा रहा था....पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : जिला पुलिस ने अवैध निर्माण और धोखाधड़ी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए तुर्की थाना क्षेत्र के लूक्की नंदलालपुर स्थित सुनसान चौर में चल रही एक बड़ी नकली सिगरेट फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में नामी और ब्रांडेड कंपनियों के रैपर व मार्का का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर नकली सिगरेट बनाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से लगभग 12 लाख रुपये मूल्य की पैक की गई नकली सिगरेट और निर्माण सामग्री बरामद की है।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व तुर्की थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने किया, जिसमें संबंधित सिगरेट कंपनी के प्रतिनिधि भी शामिल रहे। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि वहां विभिन्न प्रतिष्ठित ब्रांडों के नाम और लोगो लगाकर नकली सिगरेट तैयार की जा रही थी, जिसे बाजार में खपाने की पूरी तैयारी थी। पुलिस ने बिना देर किए पूरी फैक्ट्री को सील कर दिया और वहां मौजूद सभी मशीनों, कच्चे माल तथा तैयार माल को जब्त कर लिया।
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ पश्चिमी-2 एसी ज्ञानी ने बताया कि सुनसान इलाके का फायदा उठाकर एक बड़े पैमाने पर नकली सिगरेट का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि इसके पीछे एक अंतरराज्यीय या बड़ा गिरोह सक्रिय हो सकता है जो ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली उत्पाद बाजार में सप्लाई कर मोटी कमाई कर रहा था।
पुलिस ने फिलहाल पूरी फैक्ट्री को सील कर दिया है और मौके से बरामद सिगरेट बनाने वाली सामग्री तथा तैयार पैकेटों को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है। इसके साथ ही, पुलिस इस अवैध धंधे के मुख्य संचालकों, भूमि मालिक और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों व वितरकों की पहचान करने में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मणिभूषण की रिपोर्ट