PM मोदी पर अभद्र टिप्पणी करने वालों पर FIR, NEET प्रदर्शन में विवादित बयान पर मुजफ्फरपुर पुलिस का शिकंजा, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
Bihar PM Narendra Modi Remark: मुजफ्फरपुर में NEET पेपर लीक मामले को लेकर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। ...
Bihar PM Narendra Modi Remark: मुजफ्फरपुर में NEET पेपर लीक मामले को लेकर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान सामने आए एक वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मुजफ्फरपुर पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ NEET पेपर लीक विरोधी आंदोलन अब बिहार के कई जिलों तक पहुंच चुका है। इसी कड़ी में गुरुवार को मुजफ्फरपुर में भी हजारों छात्र-छात्राएं सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान एक छात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया गया है।
वीडियो वायरल होने के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रदर्शन में शामिल कुछ छात्र-छात्राओं की पहचान की है। अब पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुट गई है।
मुजफ्फरपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि चिन्हित किए गए आरोपियों के संबंध में यदि किसी के पास कोई जानकारी है तो वह पुलिस को उपलब्ध कराएं। जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और पुलिस की ओर से 10 हजार रुपये इनाम देने की भी घोषणा की गई है।
मामले को लेकर मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हर नागरिक का मौलिक अधिकार है और पुलिस छात्रों की सुरक्षा के लिए तैनात है। लेकिन प्रदर्शन की आड़ में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना या किसी व्यक्ति के खिलाफ आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी करना कानून के दायरे में अपराध है। एसएसपी ने कहा कि ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि आंदोलन के नाम पर उपद्रव या किसी भी तरह की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
NEET प्रदर्शन को देखते हुए मुजफ्फरपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में मजिस्ट्रेट के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। शांतिपूर्ण विरोध की अनुमति है, लेकिन हिंसा, तोड़फोड़ और आपत्तिजनक गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा