Bihar Police: धन्यवाद बिहार पुलिस, खाकी ने एक घंटे में ढूंढ निकाली रिंग सेरेमनी की गुम हुई लाखों की अंगूठी

Bihar Police: रिंग सेरेमनी के बाद घर लौट रही युवती की लाखों रुपये की अंगूठी रास्ते में गुम हो गई। नई जिंदगी की शुरुआत से जुड़ी इस खास याद के खोने से परिवार की खुशियां अचानक परेशानी में बदल गईं। ...

खाकी का मानवीय चेहरा- फोटो : X

Bihar Police:  पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की मिसाल सामने आई है। रिंग सेरेमनी के बाद घर लौट रही युवती की लाखों रुपये की अंगूठी रास्ते में गुम हो गई। नई जिंदगी की शुरुआत से जुड़ी इस खास याद के खोने से परिवार की खुशियां अचानक परेशानी में बदल गईं। काफी घबराए परिजनों ने सड़क किनारे खड़ी डायल 112 की टीम से मदद मांगी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने करीब एक घंटे तक मशक्कत की और आखिरकार गुम हुई अंगूठी खोज निकाली। अंगूठी वापस मिलने पर परिवार के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई। परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया और खुशी-खुशी घर रवाना हो गए।

रिंग सेरेमनी के बाद रास्ते में गुम हुई अंगूठी

मामला मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, रविवार की रात करीब 12 बजे एक परिवार की बेटी की नजदीकी होटल में रिंग सेरेमनी हुई थी। समारोह में खुशियों का माहौल था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद परिवार घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में युवती की अंगूठी कहीं गिर गई। जब परिवार को इसकी जानकारी हुई, तो सभी परेशान हो उठे। अंगूठी की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा, समारोह से जुड़ी होने के कारण वह युवती और उसके परिवार के लिए बेहद खास भी थी।

डायल 112 की टीम से लगाई मदद की गुहार

अंगूठी नहीं मिलने पर परिवार उसकी तलाश में जुट गया। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी डायल 112 की पुलिस गाड़ी पर उनकी नजर पड़ी। परिजन तुरंत पुलिसकर्मियों के पास पहुंचे और हाथ जोड़कर मदद की गुहार लगाई। परिवार की परेशानी देखकर पुलिस टीम ने भी बिना देर किए अंगूठी की तलाश शुरू कर दी।

टॉर्च की रोशनी में एक घंटे तक तलाश

डायल 112 पर तैनात पीटीसी रवि रंजन कुमार, हवलदार मेजर सेना गजेंद्र झा और दो महिला सिपाहियों ने सड़क किनारे अंगूठी खोजना शुरू किया। रात का वक्त होने के कारण तलाश आसान नहीं थी। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने हार नहीं मानी और टॉर्च की रोशनी में आसपास के इलाके को बारीकी से खंगालते रहे। करीब एक घंटे की मेहनत के बाद टीम को गुम हुई अंगूठी मिल गई।

अंगूठी मिलते ही परिवार की लौटी खुशियां

पुलिसकर्मियों ने जैसे ही अंगूठी परिवार को सौंपी, परिजनों की चिंता खुशी में बदल गई। उन्होंने हाथ जोड़कर डायल 112 की पूरी टीम के प्रति आभार जताया। साथ ही मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा को भी धन्यवाद दिया। इसके बाद परिवार राहत और खुशी के साथ घर के लिए रवाना हो गया।

इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि पुलिस की भूमिका केवल अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है। जरूरत के वक्त आम लोगों की मदद के लिए तत्पर रहना भी पुलिस की अहम जिम्मेदारी है। मुजफ्फरपुर में डायल 112 की टीम की इस पहल की चर्चा पुलिस के मानवीय पक्ष को सामने लाती है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा