Bihar Crime: सूखा नशे के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी, भारी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ कई कारोबारी गिरफ्तार
Bihar Crime: बढ़ते अपराध और नशे के बढ़ते प्रचलन को लेकर पुलिस प्रशासन ने बड़ा और सख्त अभियान शुरू किया है।...
Bihar Crime:बढ़ते अपराध और नशे के बढ़ते प्रचलन को लेकर पुलिस प्रशासन ने बड़ा और सख्त अभियान शुरू किया है। मुजफ्फरपुर जिले में बढ़ते अपराध और नशे के बढ़ते प्रचलन को लेकर पुलिस प्रशासन ने बड़ा और सख्त अभियान शुरू किया है। हाल ही में जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने सभी एसपी, डीएसपी, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारियों के साथ हाई-लेवल समीक्षा बैठक की थी।
इस बैठक में यह बात सामने आई कि जिले में बढ़ते अपराध का एक बड़ा कारण सूखे नशे का तेजी से फैलता नेटवर्क है। इसके बाद एसएसपी ने नशा तस्करों और नशे के सेवन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
इस अभियान की मॉनिटरिंग सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी कर रहे हैं, जबकि जिले के सभी डीएसपी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्रवाई की कमान संभाल रहे हैं।
अभियान के तहत मुजफ्फरपुर पुलिस को कई इलाकों में बड़ी सफलता मिली है। विभिन्न थाना क्षेत्रों से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं और दर्जनों नशा तस्करों तथा नशा सेवन करने वालों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की नजर विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों पर केंद्रित है, जहां नशे का प्रभाव अधिक देखा जा रहा है।
शहरी क्षेत्र में एसडीपीओ टाउन टू विनीता सिन्हा और टाउन डीएसपी सुरेश कुमार के नेतृत्व में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इन कार्रवाइयों के परिणामस्वरूप कई तस्करों को मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया गया है।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान तेज है। डीएसपी ईस्ट वन, ईस्ट टू, वेस्ट वन और वेस्ट टू के नेतृत्व में सभी थाना पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि नशा कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगने से जिले में अपराध दर में भी गिरावट आएगी। फिलहाल यह अभियान लगातार जारी है और आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा