Muzaffarpur Gambling: चौकीदार की निगरानी में चल रहा था जुए का अड्डा? पुलिस की छापेमारी में 6 जुआरी गिरफ्तार

Muzaffarpur Gambling: मुजफ्फरपुर के सरैया में पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापेमारी कर करीब छह जुआरियों को गिरफ्तार किया। चौकीदार की बाइक जब्त हुई और उसके खिलाफ निलंबन की तैयारी है।

Muzaffarpur Gambling: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस ने जुए के एक अड्डे का खुलासा किया है। आरोप है कि सरैया थाना क्षेत्र के बसंतपुर पट्टी में एक चौकीदार की जानकारी और संरक्षण में जुए का खेल चल रहा था। पुलिस की छापेमारी के दौरान करीब आधा दर्जन जुआरियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि चौकीदार मौके से भाग गया। उसकी बाइक पुलिस ने जब्त कर ली है।

सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर को पिछले कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि बसंतपुर पट्टी में अवैध तरीके से जुआ खेलाया जा रहा है। बताया गया कि इस काम को सरैया थाने में तैनात एक चौकीदार का संरक्षण मिला हुआ था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में जुए के खेल की जानकारी सही पाए जाने के बाद पुलिस ने छापेमारी की योजना बनाई।

पुलिस को देखते ही चौकीदार फरार

एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जुए के अड्डे पर छापा मारा। पुलिस के पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद चौकीदार अपनी बाइक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने चौकीदार की बाइक को जब्त कर लिया है। वहीं, मौके से करीब छह जुआरियों को पकड़ लिया गया।

चौकीदार पर होगी निलंबन की कार्रवाई

पुलिस जांच में चौकीदार की कथित भूमिका सामने आने के बाद उसके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद चौकीदार को निलंबित किया जा सकता है। इस मामले ने पुलिस विभाग के अंदर भी सवाल खड़े कर दिए हैं कि थाने में तैनात एक कर्मचारी की जानकारी में उसके इलाके में इस तरह का अवैध कारोबार कैसे चलता रहा।

एसएसपी ने दी मामले की जानकारी

वरीय पुलिस अधीक्षक कातेश कुमार मिश्रा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की थी। इस दौरान करीब आधा दर्जन जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि मौके से सरैया थाने में तैनात एक चौकीदार की बाइक भी बरामद की गई है। जांच में चौकीदार की कथित भूमिका सामने आई है। उसके खिलाफ विभागीय जांच के बाद निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

मुजफ्फरपुर से मनीभूषणशर्मा की रिपोर्ट