Bihar News : मुजफ्फरपुर की 'लेडी सिंघम !' 1100 KM दूर दिल्ली में दी दबिश, स्कूल से लापता छात्रा को प्रेमी संग किया बरामद, एसएसपी करेंगे सम्मानित

MUZAFFARPUR : जिले में इन दिनों एक महिला सब-इंस्पेक्टर निवेदिता कुमारी की बहादुरी की चर्चा हर जुबान पर है। पियर थाने में तैनात निवेदिता ने अपनी सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए एक नाबालिग छात्रा को 1100 किलोमीटर दूर दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है। मंगलवार को पुलिस ने बरामद प्रेमी जोड़े को मुजफ्फरपुर न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी युवक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग युवती को कानूनी प्रक्रिया के बाद उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।

स्कूल जाने के बहाने लापता हुई थी छात्रा

मामले की शुरुआत 22 जनवरी को हुई थी, जब गायघाट थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग छात्रा अपने घर से पियर थाना क्षेत्र स्थित हाई स्कूल जाने के लिए निकली थी। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने पियर थाने में अपहरण की आशंका जताते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर केस के अनुसंधान की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर निवेदिता कुमारी को सौंप दी।

तकनीकी जांच और 1100 किलोमीटर का सफर

जांच की कमान संभालते ही सब-इंस्पेक्टर निवेदिता कुमारी ने तकनीकी साक्ष्यों पर काम शुरू किया। डीआईयू (DIU) टीम के सहयोग से जब मोबाइल लोकेशन ट्रैक की गई, तो पता चला कि दोनों दिल्ली में छिपे हुए हैं। बिना समय गंवाए निवेदिता कुमारी मुजफ्फरपुर से 1100 किलोमीटर का सफर तय कर दिल्ली जा पहुंचीं। वहां दिल्ली पुलिस के सहयोग से सटीक ठिकाने पर छापेमारी की गई और आरोपी युवक के साथ नाबालिग को धर दबोचा गया।

कोचिंग से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

पुलिस की पूछताछ में प्रेमी जोड़े ने कई खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वे दोनों एक ही कोचिंग सेंटर में साथ पढ़ते थे, वहीं से उनकी जान-पहचान हुई और प्यार परवान चढ़ा। दोनों के बीच अक्सर फोन पर बातचीत होती थी। 22 जनवरी को उन्होंने साथ भागने की योजना बनाई और घर से स्कूल के लिए निकलने के बाद बीच रास्ते से ही दिल्ली के लिए फरार हो गए। आरोपी युवक भी पियर थाना क्षेत्र का ही रहने वाला है।

एसएसपी करेंगे महिला टीम को सम्मानित

मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा ने इस सफल कार्रवाई की पुष्टि करते हुए पूरी टीम की सराहना की है। उन्होंने बताया कि महिला सब-इंस्पेक्टर ने डीआईयू के मार्गदर्शन में जिस तत्परता से कार्य किया, वह पुलिस विभाग के लिए गौरव की बात है। एसएसपी ने घोषणा की है कि इस सराहनीय कार्य के लिए वह निवेदिता कुमारी और उनकी पूरी पुलिस टीम को विशेष रूप से पुरस्कृत और सम्मानित करेंगे।

मणिभूषण की रिपोर्ट