मुजफ्फरपुर पुलिस ने महज 2 घंटे के अंदर किडनैप युवक को सकुशल किया बरामद, हथियार के साथ 2 शातिर को किया गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक युवक के बड़ी अनहोने होने से बच गई। पुलिस ने 50 हजार की फिरौती के लिए किडनैप किये गए युवक को महज 2 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया। वहीं घटना मे शामिल 2 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है...
Muzaffarpur : जिले में एक युवक के अपहरण और 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने त्वरित और सटीक कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर बड़ी वारदात को टाल दिया। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद करते हुए घटना में शामिल दो बदमाशों को एक देशी पिस्टल, चार कारतूस, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
बाजार जाने के दौरान किया था किडनैप
घटना कटरा थाना क्षेत्र के जजुआर ओपी (OP) की है। पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त की शाम एक युवक अपने घर से बाजार जाने के लिए निकला था। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उसे रास्ते से अगवा कर लिया। इसके बाद अपराधियों ने युवक के पिता को फोन कर 50 हजार रुपये फिरौती की मांग की। घटना से घबराए पिता के बयान पर जजुआर ओपी में कांड संख्या 208/26 दर्ज किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने की कार्रवाई
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक की निगरानी और पूर्वी-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जजुआर ओपी प्रभारी के साथ मिलकर मोबाइल सर्विलांस, तकनीकी सुरागों और मानवीय इनपुट के आधार पर जाल बिछाया और महज दो घंटे में बदमाशों को दबोच लिया।
कुख्यात अपराधी मंजय समेत दो गिरफ्तार, हथियार बरामद
पुलिस कार्रवाई के दौरान जजुआर ओपी क्षेत्र के रहने वाले मंजय कुमार और सुनील कुमार को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान इनके पास से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, 4 जिन्दा गोली, किडनैप किए गए युवक का मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक को बरामद किया है।
गिरफ्तार शातिर पर मुजफ्फरपुर, दरभंगा और सीतामढ़ी में दर्ज हैं कई मामले
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी मंजय कुमार का गंभीर आपराधिक इतिहास सामने आया है। मंजय के खिलाफ मुजफ्फरपुर, दरभंगा और सीतामढ़ी जिलों के छह अलग-अलग थानों में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के दर्जनों मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि इस साजिश में शामिल अन्य संभावित सहयोगियों का पता लगाया जा सके।
मणिभूषण की रिपोर्ट