Muzaffarpur Operation Chetak: मुजफ्फरपुर पुलिस ने शुरू किया ऑपरेशन चेतक और ऑपरेशन संकल्प, चोरी और अपराध पर लगेगी लगाम

Muzaffarpur Operation Chetak: मुजफ्फरपुर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान की तर्ज पर ऑपरेशन चेतक और ऑपरेशन संकल्प शुरू किया है, जिससे चोरी और अपराध पर लगाम लगेगी।

मुजफ्फरपुर पुलिस का बड़ा ऐलान!- फोटो : news4nation

Muzaffarpur Operation Chetak: मुजफ्फरपुर में आम लोगों की सुरक्षा और उनकी खोई हुई संपत्ति को वापस दिलाने के लिए पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। पहले से चल रहे ऑपरेशन मुस्कान की सफलता के बाद अब मुजफ्फरपुर पुलिस ने दो नई खास टीमों का गठन किया है। इन टीमों का नाम ऑपरेशन चेतक और ऑपरेशन संकल्प रखा गया है।

मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इन दोनों ऑपरेशनों का मकसद आम जनता को राहत देना और अपराध पर काबू पाना है। इन विशेष टीमों की निगरानी सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी करेंगे, ताकि काम में किसी तरह की लापरवाही न हो।

एसएसपी ने क्या बताया?

एसएसपी ने बताया कि पहले ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस गुम हुए मोबाइल फोन को ढूंढकर उनके मालिकों तक पहुंचाती थी। अब इसी तरह ऑपरेशन चेतक के तहत चोरी हुई बाइक और घर में चोरी गया सामान बरामद कर लोगों को वापस दिया जाएगा। इस टीम का संचालन इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी करेंगे।

आम लोगों को मिलेगी राहत

अब आम लोगों को पुलिस के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अगर किसी की बाइक चोरी हो जाती है या घर में चोरी होती है, तो पीड़ित व्यक्ति संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराएगा। इसके बाद उस शिकायत की एक कॉपी सीधे विशेष टीम के व्हाट्सएप नंबर पर भेज सकता है। इससे शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

व्हाट्सएप नंबर भी जारी

इसके लिए पुलिस ने एक व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया है, जो है 9431896700। इस नंबर पर लोग न सिर्फ चोरी की शिकायत भेज सकते हैं, बल्कि अपने आसपास हो रही शराब तस्करी या नशे के अवैध कारोबार की सूचना भी दे सकते हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और नंबर पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस का मानना है कि इन नए ऑपरेशनों से अपराधियों में डर पैदा होगा और आम जनता को न्याय जल्दी मिलेगा। मुजफ्फरपुर पुलिस की यह पहल लोगों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है।

 मुजफ्फरपुर Reporter Mani bhushan sharma