Muzaffarpur Attack on employee: मुजफ्फरपुर में जमीन मापी के दौरान राजस्व अधिकारी और अमीन पर हमला, दोनों घायल

Muzaffarpur Attack on employee: मुजफ्फरपुर में विवादित जमीन की मापी करने पहुंचे राजस्व अधिकारी और अमीन पर हमला, दोनों घायल। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुजफ्फरपुर में जमीन विवाद को लेकर हंगामा- फोटो : news4nation

Muzaffarpur Attack on employee: मुजफ्फरपुर में विवादित जमीन की मापी करने पहुंचे राजस्व कर्मचारी और सरकारी अमीन पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में दोनों कर्मचारी घायल हो गए। किसी तरह स्थानीय लोगों की मदद से दोनों ने मौके से निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पूरे मामले की शिकायत थाने में की गई है।

यह मामला मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र के मुसहरी उर्फ राधा नगर इलाके का है। जानकारी के अनुसार विनोद साह और रामजुलम साह के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले में भूमि सुधार उप समाहर्ता पूर्वी के आदेश पर मुसहरी के राजस्व अधिकारी करुण करण और अंचल अमीन रणजीत महतो जमीन की मापी करने पहुंचे थे। मापी के दौरान एक पक्ष के लोग अचानक उग्र हो गए और दोनों सरकारी कर्मचारियों पर हमला कर दिया। आरोप है कि सरकारी काम में बाधा डालते हुए गाली-गलौज और मारपीट की गई। इस हमले में राजस्व अधिकारी और अमीन दोनों को चोटें आई हैं।

आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद दोनों कर्मचारी वहां से निकल सके। बाद में दोनों अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज कराया गया। इस मामले को लेकर मुसहरी थाना में आवेदन दिया गया है। शिकायत में सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। मुसहरी थाना अध्यक्ष ने बताया कि विवादित जमीन की मापी के दौरान हमला होने की सूचना मिली है। पुलिस को आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मुजफ्फरपुर से मनीभूषण शर्मा