Muzaffarpur Fortuner Accident: बीजेपी नेत्री की फॉर्च्यूनर ने स्कूटी को रौंदा, 2 युवतियों की मौत
मुजफ्फरपुर में बोचहाँ के आदिगोपालपुर चौक के पास पूर्णिया की भाजपा नेत्री नूतन गुप्ता की ब्लैक फॉर्च्यूनर ने स्कूटी सवार दो युवतियों को टक्कर मार दी। हादसे में ग्रामीण समूह में काम करने वाली नेहा और निशु की दर्दनाक मौत हो गई।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक भाजपा (BJP) नेता की तेज रफ्तार ब्लैक फॉर्च्यूनर कार ने स्कूटी सवार दो युवतियों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार दोनों लड़कियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉर्च्यूनर कार के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क किनारे दूर झाड़ियों में जा गिरी। घटना मुजफ्फरपुर के बोचहाँ थाना क्षेत्र अंतर्गत आदिगोपालपुर चौक के समीप की है।
ग्रामीण समूह में काम करने वाली नेहा और निशु के रूप में हुई मृतकों की पहचान
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाली दोनों युवतियों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में आदिगोपालपुर की रहने वाली राजू चौधरी की 23 वर्षीय बेटी नेहा कुमारी और सरफुद्दीनपुर के रहने वाले सोहन चौधरी की 23 वर्षीय बेटी निशु कुमारी शामिल हैं। परिजनों के मुताबिक, दोनों युवतियां एक ग्रामीण समूह में काम करती थीं और रोज़ की तरह अपने काम के सिलसिले में स्कूटी से एक साथ जा रही थीं। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही काल बनी ब्लैक फॉर्च्यूनर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
पूर्णिया की चर्चित बीजेपी महिला नेत्री नूतन गुप्ता की है दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर
दुर्घटना का शिकार हुई वीआईपी नंबर (BR-11BB-0001) वाली ब्लैक फॉर्च्यूनर कार पूर्णिया जिले की चर्चित बीजेपी महिला नेत्री नूतन गुप्ता की बताई जा रही है। चश्मदीदों के अनुसार, गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक संतुलन खो बैठा और यह भयावह हादसा हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में कोहराम मच गया और आनन-फानन में दोनों गंभीर रूप से घायल युवतियों को इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (SKMCH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद गाड़ी छोड़कर भागे सवार, क्रेन की मदद से निकाली गई कार और जांच शुरू
दुर्घटना के वक्त बीजेपी नेत्री की गाड़ी में कौन-कौन सवार था और उनकी स्थिति क्या है, यह अभी तक पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो फॉर्च्यूनर कार पूरी तरह खाली मिली और उसमें सवार सभी लोग मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने क्रेन की मदद से झाड़ियों में फंसी क्षतिग्रस्त फॉर्च्यूनर को बाहर निकाल लिया है। बोचहाँ थाना पुलिस ने दोनों युवतियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार गाड़ी सवारों की पहचान के लिए मामले की सघन जांच में जुट गई है।
रिपोर्ट - मणिभूषण